
उत्तर प्रदेश के सूक्ष्म एवं लघु उद्योग और वस्त्र मंत्री राकेश सचान ने शुक्रवार को कहा कि सरकार 50 प्रतिशत अमेरिकी टैरिफ के प्रभाव से निपटने के लिए एक राहत पैकेज तैयार कर रही है। राकेश सचान ने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार अमेरिकी टैरिफ की वजह से राज्य के किसी भी उद्योग को बंद होने नहीं देगी। उन्होंने कहा कि कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश के सभी उद्योगों के सुझाव को मिलाकर एक विशेष पैकेज दिया जाएगा। भदोही के कार्पेट एक्सपो मार्ट में राकेश सचान ने प्रदेश सरकार के उद्योग विभाग से जुड़े अधिकारियों और कालीन निर्यात संवर्धन परिषद् तथा जनप्रतिनिधि के साथ एक बैठक की और उनके सुझाव लिए।
नोएडा में भी होगी मीटिंग
इसके बाद मंत्री राकेश सचान ने मीडिया के साथ बातचीत करते हुए कहा की उत्तर प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार दोनों अपनी तरफ से विशेष पैकेज पर विचार कर रही हैं। सचान ने कहा कि कानपुर, मुरादाबाद, भदोही के बाद अब नोएडा में मीटिंग कर अमेरिका के 50 प्रतिशत टैरिफ की वजह से पैदा हुए संकट से निपटने के लिए प्रदेश सरकार बहुत जल्द केंद्र की मदद से अलग एक अतिरिक्त पैकेज की घोषणा करेगी।
अलग-अलग उद्योगों के सुझाव लेकर तय किया जाएगा राहत पैकेज
उन्होंने कहा कि सरकार चिंतित है और जो 10 प्रतिशत विशेष पैकेज की मांग कालीन उद्योग ने की है और आज जो सुझाव मिले हैं, इसके साथ प्रदेश के अन्य प्रभावित उद्योगों के सुझाव को मिलाकर एक निश्चित प्रतिशत का पैकेज तैयार किया जाएगा। सचान ने कहा है कि देश से 60 प्रतिशत कालीन निर्यात अमेरिका को होता है जिससे यहां पड़ने वाले प्रभाव के लिए केंद्र सरकार से भी बात की गई है। उन्होंने कहा की यह संकट बहुत बड़ा है और इस संकट में किसी भी उद्योग को बंद होने नहीं दिया जाएगा।
भारतीय आयात पर 50 प्रतिशत टैरिफ वसूल रहा है भारत
अमेरिकी राष्ट्रपति ने जुलाई के अंत में भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की थी। इसके साथ ही उन्होंने रूस से कच्चा तेल खरीदने के लिए भारत पर अलग से जुर्माना लगाने की बात कही थी। बाद में, ट्रंप ने रूस से कच्चा तेल खरीदने की वजह से जुर्माने के रूप में भारत पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाने का ऐलान किया था। भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ 7 अगस्त से लागू हो गया था। जबकि रूस से तेल खरीदने की वजह से 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ 27 अगस्त से लागू हुआ है। इसके साथ ही, भारतीय निर्यात पर अब 50 प्रतिशत टैरिफ लग रहा है।






































