
भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो बीते 2 दिनों से भयावह संकट से गुजर रही है, जिसकी वजह से कंपनी ने 85 से ज्यादा फ्लाइट कैंसिल कर दीं। देश के कई हवाई अड्डों पर पिछले दो दिनों से इंडिगो की उड़ान सेवाएं बुरी तरह प्रभावित रहीं। एयरलाइन ने तकनीकी खराबी, पायलटों और क्रू की कमी, नए FDTL नियमों और एयरपोर्ट पर बढ़ती भीड़ को वजह बताते हुए 85 से ज्यादा फ्लाइट कैंसिल कर दीं। बड़ी संख्या में फ्लाइट कैंसिल करने की वजह से हजारों यात्री फंसे रहे और कई जगह हंगामे की स्थिति बन गई। इंडिगो ने दिल्ली से 38, मुंबई से 33 और बेंगलुरू से 14 उड़ाने कैंसिल करने की जानकारी दी है।
इंडिगो ने यात्रियों से मांगी माफी
इंडिगो ने एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि अचानक आई तकनीकी समस्याएं, सर्दियों के कारण शेड्यूल में बदलाव, खराब मौसम, एयरपोर्ट पर भीड़ और क्रू ड्यूटी टाइम लिमिट (FDTL) के नए नियमों का संचालन पर सीधा असर पड़ा। कंपनी का कहना है कि नए नियमों के कारण पायलटों की उपलब्धता में कमी आ गई, जिससे कई फ्लाइट्स अपने तय समय पर नहीं उड़ सकीं। एयरलाइन कंपनी ने यात्रियों से माफी मांगते हुए बताया कि स्थिति को सामान्य करने के लिए अगले 48 घंटों तक फ्लाइट्स के समय में आवश्यक बदलाव किए जा रहे हैं। इंडिगो की टीम लगातार काम कर रही है ताकि यात्रियों को कम से कम परेशानी हो।
यात्रियों को दी जा रही है वैकल्पिक यात्रा या रिफंड की सुविधा
इंडिगो ने बताया कि प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक यात्रा विकल्प या रिफंड की सुविधा दी जा रही है। इंडिगो ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि घर से एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले वे अपनी फ्लाइट की अपडेटेड स्थिति goindigo.in पर चेक कर लें।
नवंबर में कैंसिल हुई थीं इंडिगो की 1232 फ्लाइट्स
बताते चलें कि इंडिगो इन दिनों भारी ऑपरेशनल संकट से जूझ रही है। DGCA के अनुसार नवंबर में इंडिगो की 1232 फ्लाइट्स कैंसिल हुईं, जिनमें से 755 फ्लाइट्स क्रू और FDTL नियमों की वजह से कैंसिल हुईं। इनके अलावा, ATC सिस्टम फेलियर की वजह से 92, एयरपोर्ट/एयरस्पेस प्रतिबंध की वजह से 258 और अन्य कारणों से 127 फ्लाइट्स कैंसिल करनी पड़ीं। इस दौरान, इंडिगो की समय पर उड़ान (OTP) परफॉर्मेंस भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। नवंबर में इंडिगो का OTP बुरी तरह से गिरकर 67.70% पर आ गया, जबकि अक्टूबर में ये 84.1% था। देरी के प्रमुख कारणों में ATC 16%, क्रू/ऑपरेशंस 6%, एयरपोर्ट इश्यू 3% और अन्य कारण 8% रहे।
DGCA ने किया तलब
DGCA ने नए FDTL नियमों के क्रियान्वयन पर एयरलाइन को अतिरिक्त गाइडेंस दिया है। इंडिगो को क्रू प्लानिंग मजबूत करने, ATC-एयरपोर्ट समन्वय बढ़ाने और टर्नअराउंड प्रक्रियाएं सुधारने के निर्देश दिए हैं। यात्रियों को एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट स्टेटस चेक करने की सलाह दी गई है। DGCA ने इंडिगो को तुरंत हेडक्वार्टर में पेश होकर पूरी स्थिति बताने और देरी/रद्दीकरण कम करने की योजना प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है।







































