
नवंबर की शुरुआत निवेशकों के लिए धमाकेदार रहने वाली है। इस हफ्ते कई बड़ी कंपनियों के शेयर डिविडेंड, बोनस और स्टॉक स्प्लिट को लेकर एक्स-डेट पर ट्रेड करेंगे। यानी अगर आप इस समय सही शेयरों पर नजर रखेंगे, तो आपको मिल सकता है शानदार रिटर्न या एक्स्ट्रा इनाम। बीईएमएल (BEML) से लेकर हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) तक, कई दिग्गज कंपनियां अपने निवेशकों को फायदा देने की तैयारी में हैं। भारतीय शेयर बाजार में नवंबर के पहले हफ्ते में एक्स-डिविडेंड और एक्स-स्प्लिट की लंबी लिस्ट देखने को मिलेगी। आइए जानते हैं कौन-कौन से शेयर किस दिन एक्स-डेट पर होंगे।
सोमवार, 3 नवंबर
हफ्ते की शुरुआत ही बड़े ऐक्शन से होगी। BEML अपने 10 रुपये वाले एक शेयर को दो हिस्सों में बांटने जा रहा है। यानी अब इसका 1 शेयर 5 रुपये के दो हिस्सों में स्प्लिट होगा। कंपनी का स्टॉक सोमवार से एक्स-स्प्लिट ट्रेड करेगा। इसके अलावा, Colgate Palmolive 24 रुपये प्रति शेयर का इंटरिम डिविडेंड दे रही है। डीसीएम श्रीराम 3.6 रुपये प्रति शेयर, ओरेकल फाइनेंशियल सर्विसेस 130 रुपये प्रति शेयर, श्री सीमेंट 80 रुपये प्रति शेयर और सुप्रीम इंडस्ट्रीज 11 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड दे रही हैं।
मंगलवार, 4 नवंबर
मंगलवार को कई पब्लिक सेक्टर और टेक कंपनियां एक्स-डेट पर होंगी। कोल इंडिया 10.25 रुपये प्रति शेयर, हैप्पियस्ट माइंड्स 2.75 रुपये प्रति शेयर, मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स 6 रुपये प्रति शेयर, रेलटेल 1 रुपये प्रति शेयर, सुंदरम फास्टनर्स 3.75 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड देने वाली हैं।
गुरुवार, 6 नवंबर
इस दिन एनर्जी और फाइनेंस सेक्टर की कंपनियों पर निवेशकों की नजर रहेगी। एचपीसीएल 5 रुपये प्रति शेयर, निप्पॉन लाइफ इंडिया एएमसी 9 रुपये प्रति शेयर, वैभव ग्लोबल 1.5 रुपये प्रति शेयर, टीडी पावर 1 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड देगी।
शुक्रवार, 7 नवंबर
हफ्ते का आखिरी ट्रेडिंग दिन निवेशकों के लिए सबसे खास रहेगा क्योंकि इस दिन कई बड़ी कंपनियां एक्स-डेट पर होंगी। बालकृष्ण इंडस्ट्रीज 4 रुपये, बीपीसीएल 7.5 रुपये, सीएएमएस 14 रुपये, डाबर 2.75 रुपये, डॉ. अग्रवाल आई हॉस्पिटल 3 रुपये, जीसीपीएल 5 रुपये, एचयूएल 19 रुपये, डॉ. लाल पैथलैब्स 7 रुपये, नवीन फ्लोरीन 6.5 रुपये, सनोफी इंडिया 75 रुपये और आरआर काबेल 4 रुपये प्रति शेयर इंटरिम डिविडेंड देने जा रही हैं।
निवेशकों के लिए क्या मौका है?
अगर कोई निवेशक इन कंपनियों में रिकॉर्ड डेट से पहले निवेश करता है, तो उसे संबंधित डिविडेंड या स्प्लिट का फायदा मिल सकता है। ध्यान देने वाली बात यह है कि एक्स-डेट के दिन शेयर की कीमत में सामान्यतः डिविडेंड की राशि के बराबर गिरावट आती है, इसलिए निवेश से पहले सही रणनीति जरूरी है।
Disclaimer: ये कोई निवेश सलाह नहीं है बल्कि सिर्फ एक जानकारी है। रुपये-पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लें।







































