
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी
नई दिल्लीः केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को भारत की ऊर्जा सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से ‘नेशनल डीपवाटर एक्सप्लोरेशन मिशन’ का ऐलान किया। इस मिशन का उद्देश्य समुद्र के नीचे तेल और गैस भंडार का पता लगाना है। हरदीप सिंह पुरी ने एक्स पर लिखा कि “गहरे पानी के अंदर मिलने वाले तेल और गैस भंडार देश का चेहरा बदल देंगे।
2032 तक दोगुना होगा ऊर्जा भंडार
पुरी ने हाइड्रोकार्बन की खोज में भारत की प्रगति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में 52 खोजें की गई हैं जबकि 2014 से 172 खोज की गई है। केंद्रीय मंत्री पुरी ने आगे कहा कि देश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले की प्राचीर से’नेशनल डीपवाटर एक्सप्लोरेशन मिशन’ के शुभारंभ की घोषणा की।
उन्होंने कहा, “मेक इन इंडिया के मंत्र पर स्वदेशीकरण को बढ़ावा देने वाला यह मिशन, 2032 तक राष्ट्रीय भंडार को दोगुना और 2047 तक वर्तमान उत्पादन को तिगुना करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ेगा, जिसमें समुद्र के नीचे तेल और गैस भंडार खोजने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
लाल किले से पीएम मोदी ने किया बड़ा ऐलान
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में राष्ट्रीय गहरे जल अन्वेषण मिशन की घोषणा की, जिसका उद्देश्य समुद्र में तेल और गैस भंडारों का पता लगाना है। इसे “समुद्र मंथन” करार देते हुए, उन्होंने कहा कि इस पहल को मिशन मोड में क्रियान्वित किया जाएगा।
पीएम मोदी ने शुक्रवार को कहा कि भारत महत्वपूर्ण खनिजों के मामले में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और 1,200 से अधिक स्थानों पर खनिज अन्वेषण अभियान जारी हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया महत्वपूर्ण खनिजों को लेकर बहुत सतर्क हो गई है और लोग इसकी क्षमता को अच्छी तरह समझने लगे हैं। मोदी ने कहा, “जो बात कल तक ज्यादा ध्यान में नहीं थी, वह आज केंद्र में है। महत्वपूर्ण खनिजों में आत्मनिर्भरता भारत के लिए भी बेहद जरूरी है।







































