
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मुंबई के बैलार्ड पियर में स्थित वर्ल्ड क्लास सुविधाओं वाले मुंबई इंटरनेशनल क्रूज टर्मिनल (MICT) का उद्घाटन करेंगे। MICT को केंद्र के ‘क्रूज भारत मिशन’ के तहत डेवलप किया गया है, जो भारत के समुद्री बुनियादी ढांचे को न सिर्फ ताकतवर बनाएगा बल्कि मुंबई को एक प्रमुख क्रूज टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में भी स्थापित करेगा। 4,15,000 वर्ग फुट में फैले इस क्रूज टर्मिनल के पास सालाना 10 लाख यात्रियों को मैनेज करने की क्षमता होगी। इस टर्मिनल पर एक साथ 5 क्रूज जहाज ठहर सकते हैं।
क्रूज टर्मिनल पर होंगे 72 चेक-इन और इमिग्रेशन काउंटर
मुंबई इंटरनेशनल क्रूज टर्मिनल, देश का सबसे बड़ा क्रूज टर्मिनल होगा, जहां 72 चेक-इन और इमिग्रेशन काउंटर बनाए गए हैं, जो यात्रियों को विश्वस्तरीय और सुविधाजनक अनुभव प्रदान करेंगे। केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री, सर्बानंद सोनोवाल ने टर्मिनल के महत्व पर दिया और कहा कि मुंबई का समुद्री इतिहास समृद्ध है और हमारी सभ्यता का एक अभिन्न अंग है। एक तटीय केंद्र के रूप में मुंबई ने अपने जीवंत तटीय व्यापार के साथ देश की अच्छी सेवा की है।”
क्रूज टर्मिनल से भारत के क्रूज टूरिज्म सेक्टर को मिलेगा बढ़ावा
मुंबई इंटरनेशनल क्रूज टर्मिनल के साथ ही विक्टोरिया डॉक पर नए फायर मेमोरियल, पोर्ट हाउस और एवलिन हाउस में हेरिटेज लाइटिंग और सागर उपवन गार्डन का भी उद्घाटन किया जा रहा है। केंद्र सरकार के इन प्रोजेक्ट्स का मुख्य उद्देश्य मुंबई में कल्चरल टूरिज्म और पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ावा देना है। मुंबई इंटरनेशनल क्रूज टर्मिनल से भारत के क्रूज टूरिज्म सेक्टर को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय पर्यटक भी आकर्षित होंगी। इसके अलावा, इससे देश के आर्थिक विकास में भी अहम योगदान मिलेगा।
मुंबई को मिलेगा दूसरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट
मुंबई इंटरनेशनल क्रूज टर्मिनल के अलावा, शहर को एक नया इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी मिलने जा रहा है। नवी मुंबई में बन रहे इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIA) का काम पूरा हो चुका है और इसी 30 सितंबर को इसका उद्घाटन भी होने वाला है। नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट का लोड कम हो जाएगा और लोगों को ट्रैवल करने के लिए एक नया ऑप्शन भी मिल जाएगा। नवी मुंबई का ये इंटरनेशनल एयरपोर्ट, शहर के पनवेल के पास स्थित उल्वे में है, जो मुंबई का दूसरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट होगा।







































