प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार, 15 अक्टूबर को दोपहर लगभग 12:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए से लद्दाख में लगभग 3350 करोड़ रुपये की 5 बड़े डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन करेंगे। इन 5 प्रोजेक्ट्स से क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट सिस्टम मजबूत होगा, एनर्जी इंफ्रा में सुधार होगा, सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण होगा और जल सुरक्षा बढ़ेगी।
BRO ने बनाया है 298 किलोमीटर लंबा निम्मू-पदुम-दारचा रोड
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीमा सड़क संगठन (BRO) द्वारा बनाई गई 298 किलोमीटर लंबी निम्मू-पदुम-दारचा रोड देश को समर्पित करेंगे। लेह के निम्मू को हिमाचल प्रदेश के दारचा से सुदूर ज़ांस्कर घाटी के माध्यम से जोड़ने वाली ये सड़क लद्दाख के लिए एक वैकल्पिक संपर्क मार्ग प्रदान करने को तैयार है और श्रीनगर-लेह तथा मनाली-लेह हाईवे का पूरक है।
इंजीनियरिंग की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है सड़क
शिनकुन ला दर्रे समेत चुनौतीपूर्ण हिमालयी भूभाग से गुजरने वाली ये सड़क इंजीनियरिंग की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसका रणनीतिक महत्व सशस्त्र बलों के लिए परिचालन गतिशीलता बढ़ाने और लॉजिस्टिक्स सहायता को मजबूत करने में निहित है। इससे ज़ांस्कर के निवासियों को स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, बाजार और आवश्यक सेवाओं तक बेहतर पहुंच प्राप्त करने में भी लाभ होगा।
पीएम कुशोक बकुला रिम्पोची एयरपोर्ट पर नई टर्मिनल बिल्डिंग का करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री लेह स्थित कुशोक बकुला रिम्पोची एयरपोर्ट पर 640 करोड़ रुपये की लागत से बनी नई पैसेंजर टर्मिनल बिल्डिंग का उद्घाटन करेंगे। 23,800 वर्ग मीटर में फैले इस एडवांस्ड टर्मिनल को सालाना 35 लाख यात्रियों की सुविधा के लिए डिजाइन किया गया है।
यात्रियों की सुविधा में सुधार करेगी नई टर्मिनल बिल्डिंग
एनर्जी एफिशिएंसी बढ़ाने और कार्बन एमिशन को कम करने के लिए जियोथर्मल एनर्जी का इस्तेमाल करते हुए ये टर्मिनल बिल्डिंग लद्दाख में पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील वातावरण में टिकाऊ इंफ्रास्ट्रक्चर के महत्व को दर्शाती है। एडवांस्ड पैसेंजर सुविधाओं को लद्दाख की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के तत्वों के साथ मिलाकर ये टर्मिनल यात्रियों की सुविधा में सुधार करेगा और देश के बाकी सभी हिस्सों के साथ एयर कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा।
9 मेगावाट की हनु लघु हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट का भी उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी
इसके अलावा, ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने और लद्दाख की रिन्यूएबल एनर्जी कैपेसिटी का दोहन करने की कोशिशों के तहत, प्रधानमंत्री 9 मेगावाट की हनु लघु हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट और 66 किलोवॉट की डबल-सर्किट दाह-हनु-खालत्सी ट्रांसमिशन लाइन का उद्घाटन करेंगे। ये प्रोजेक्ट्स पावर सप्लाई इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करेंगी और लद्दाख के इलेक्ट्रिकल नेटवर्क की विश्वसनीयता में सुधार करेंगी। ये प्रोजेक्ट्स क्षेत्र के जलविद्युत संसाधनों का दोहन करने और ऊर्जा अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।
ये भी पढ़ें
3 दिन में 3600 रुपये सस्ता हुआ सोना, चांदी में 7500 रुपये की गिरावट, चेक करें आज के ताजा भाव






































