बंगाल की खाड़ी से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। समुद्र में मछली पकड़ने गई एक ट्रॉलर लापता हो गई है। इस ट्रॉलर पर सवार कुल 15 मछुआरों का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। इनमें ओडिशा के बालेश्वर जिले के तीन मछुआरे भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, ‘मां काली’ नाम की यह ट्रॉलर 2 जुलाई को पश्चिम बंगाल के शंकरपुर फिशिंग हार्बर से समुद्र में मछली पकड़ने के लिए निकली थी। बताया जा रहा है कि समुद्र में तेज लहरों और खराब मौसम का सामना करने के बाद ट्रॉलर अचानक लापता हो गई।
ट्रॉलर से संपर्क टूटा
जानकारी के अनुसार, समुद्र में यह खराब मौसम बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण पैदा हुआ है। इसी वजह से समुद्र में ऊंची लहरें उठीं, जिसके बाद ट्रॉलर से संपर्क टूट गया। लापता मछुआरों में ओडिशा के बालेश्वर जिले के भोगराई ब्लॉक के उलुदा गांव के तीन लोग शामिल हैं। उनकी पहचान रबिंद्र माझी, जगन्नाथ माझी और जयराम माझी के रूप में हुई है। ट्रॉलर पर सवार बाकी 12 मछुआरे पश्चिम बंगाल के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
एसोसिएशन के अधिकारी ने बताई पूरी बात
घटना की जानकारी मिलने के बाद दीघा फिशरमेन एंड फिश ट्रेडर्स एसोसिएशन ने तुरंत दीघा और मंदारमणि मरीन पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रशासन ने खोज अभियान शुरू कर दिया। शंकरपूर फिशरमैन एंड फिश ट्रेलर्स एसोसिएशन के सेक्रेटरी स्वदेश नायक ने कहा,”मैं आवेदन कर रहा हूं कि ‘मां काली’ नाम का ट्रॉलर, जो हमारे एसोसिएशन से जुड़ा हुआ है, 2 जुलाई 2026 को 15 मछुवारों के साथ समंदर के अंदर गया था, उनका आज तक पता नहीं चल पा रहा है। हमनें मान्यवर सांसद सोमेंदो अधिकारी,मान्यवर विधायक चंद्रशेखर,विभिन्न थानों,दीघा कोस्टल पुलिस और मंदारमणि कोस्टल पुलिस को भी इसकी जानकारी दी है। हम चाहते हैं कि जल्द से जल्द मछुवारों को खोजने और रेस्क्यू करने की व्यवस्था की जाए। हम नेवी और हेलीकॉप्टर से खोजने की व्यवस्था की जाए। मछुवारों का परिवार टूट गया है और सभी चिंता कर रहे हैं।”
समुद्र में सर्च ऑपरेशन जारी
लापता ट्रॉलर और उसमें सवार मछुआरों की तलाश के लिए समुद्र में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। खोज अभियान में हेलीकॉप्टर की भी मदद ली जा रही है ताकि जल्द से जल्द ट्रॉलर और मछुआरों का पता लगाया जा सके। फिलहाल सभी 15 मछुआरे लापता बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश लगातार जारी है। प्रशासन की ओर से बचाव अभियान तेज कर दिया गया है, लेकिन अभी तक किसी के सुरक्षित मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय लोगों और परिजनों की निगाहें अब बचाव दल की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। लापता मछुवारों के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। (रिपोर्ट: शुभम कुमार)
ये भी पढ़ें- ‘गुजरात के 144 मछुआरे पाकिस्तान की जेलों में बंद’, सरकार ने विधानसभा में दिया जवाब






































