
तेज बारिश की चेतावनी जारी
उत्तर भारत में बारिश की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ गई है, जिससे पंजाब और हिमाचल प्रदेश सहित कई राज्यों में बारिश और बाढ़ से परेशान लोगों को राहत मिली है। अभी भी इन राज्यों के कई इलाकों में बाढ़ के कारण विस्थापित हुए हजारों लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं। इधर, रविवार को राजस्थान में भारी से बहुत भारी वर्षा जारी रही तथा जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को भी राज्य के कुछ हिस्सों में और अधिक तीव्र वर्षा की चेतावनी जारी की है। राजस्थान और दक्षिण गुजरात के कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी वर्षा होने की संभावना है, वहीं उत्तर गुजरात क्षेत्र, सौराष्ट्र और कच्छ में भी असाधारण रूप से भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।
गुजरात, राजस्थान और हिमाचल में होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, गुजरात के दक्षिणी भाग में बना कम दबाव का क्षेत्र तेज हो गया है, जिसके प्रभाव से पिछले 24 घंटों के दौरान दक्षिणी जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने कहा कि बाड़मेर, जालौर और जैसलमेर जिलों में सोमवार को भी भारी बारिश जारी रह सकती है। रविवार को भी हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई है।
देखें वीडियो
उत्तरी गुजरात और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर बना गहरा दबाव का क्षेत्र पिछले 6 घंटों के दौरान 5 किमी प्रति घंटे की गति से धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ा और गुजरात से लगभग 80 किमी उत्तर-उत्तरपश्चिम, से 110 किमी पश्चिम-उत्तरपश्चिम, बाड़मेर (राजस्थान) से 140 किमी दक्षिण, छोर (पाकिस्तान) से 180 किमी दक्षिण-पूर्व और भुज (गुजरात) से 200 किमी उत्तर-पूर्व में केंद्रित था। इसके 8 तारीख की दोपहर तक कच्छ और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और पाकिस्तान में एक गहरे दबाव के रूप में लगभग पश्चिम की ओर बढ़ने की बहुत संभावना है।
पंजाब में सोमवार से खुल जाएंगे स्कूल-कॉलेज
रविवार को पंजाब के कुछ हिस्सों में बारिश हुई, लेकिन पिछले दिनों की तुलना में बारिश की मात्रा कम रही। पंजाब इस साल मानसून से सबसे ज़्यादा प्रभावित राज्यों में से एक रहा है, जहां सतलुज, व्यास और रावी नदियों तथा मौसमी नालों के उफान के कारण सैकड़ों गांव जलमग्न हो गए हैं। सरकार के अनुसार, बाढ़ के कारण बंद किए गए सभी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय आठ सितंबर से छात्रों के लिए पुनः खुल जाएंगे। रविवार को पंजाब के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
दिल्ली एनसीआर में सोमवार को होगी तेज बारिश
रविवार को दिल्ली-एनसीआर में मौसम थोड़ा शुष्क रहा, कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा हुई। यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे चला गया है। वहीं, आईएमडी ने सोमवार को दिल्ली एनसीआर में गरज और चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। हिमाचल प्रदेश के स्थानीय मौसम केंद्र ने सोमवार को राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है।
इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अरुणाचल प्रदेश में सोमवार से पूरे सप्ताह के दौरान बारिश और आंधी-तूफान का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है, जिसकी तीव्रता विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग होगी।







































