
शेयर बाजार में गुरुवार को शुरुआत शानदार रही, लेकिन दोपहर तक हालात पूरी तरह बदल गए। सुबह सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही नए हाई लेवल पर पहुंचे थे, लेकिन निवेशकों की मुनाफावसूली, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और ग्लोबल मार्केट से मिले कमजोर संकेतों ने बाजार की चमक फीकी कर दी। शुरुआती तेजी के बाद सेंसेक्स अपने दिन के हाई लेवल से 700 अंक लुढ़क गया, जबकि निफ्टी 25,900 के नीचे फिसल गया।
गुरुवार सेंसेक्स 130.06 अंक या 0.15 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ 84,556.40 पर, जबकि निफ्टी 22.80 अंक या 0.09 फीसदी की बढ़त के साथ 25,891.40 पर बंद हुआ। आइए जानते हैं कि तेज शुरुआत के बाद मार्केट ने अपना रुख किन कारणों की वजह से बदला।
बाजार में गिरावट के चार बड़े कारण
1. हाई लेवल पर मुनाफावसूली
लगातार छह दिनों से जारी तेजी के बाद निवेशकों ने ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली शुरू कर दी। शुरुआती सत्र में रिकॉर्ड हाई छूने के बाद बैंकिंग और ऑटो शेयरों में बिकवाली देखने को मिली। बैंक निफ्टी 400 अंक से ज्यादा गिरकर 58,161 पर आ गया, जबकि इसका दिन का उच्च स्तर 58,577 रहा।
2. कच्चे तेल की कीमतों में उछाल
ग्लोबल मार्केट में ब्रेंट क्रूड की कीमतें 2.56 फीसदी बढ़कर 64.19 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गईं। तेल की कीमतों में बढ़ोतरी से निवेशकों की धारणा पर दबाव पड़ा, क्योंकि इससे महंगाई और कॉर्पोरेट लागत पर असर पड़ सकता है।
3. कमजोर ग्लोबल संकेत
एशियाई बाजारों में कमजोरी ने घरेलू बाजार को भी प्रभावित किया। जापान का निक्केई 225, शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स लाल निशान में रहे। वहीं, अमेरिकी बाजार भी बुधवार को गिरावट के साथ बंद हुए, जिससे निवेशकों में सतर्कता का माहौल रहा।
4. वोलैटिलिटी इंडेक्स में उछाल
इंडिया VIX 3.3% बढ़कर 11.73 पर पहुंच गया। यह इस बात का संकेत है कि ट्रेडर्स निकट भविष्य में बाजार में उतार-चढ़ाव को लेकर सतर्क हैं।







































