दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने की कीमत 200 रुपये की मामूली बढ़ोतरी के साथ 1,46,300 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। रुपये में कमजोरी और वैश्विक बाजारों में मामूली सुधार से सोने की कीमतों को समर्थन मिला। शुक्रवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,46,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। स्थानीय कारोबारियों के अनुसार, आज चांदी की कीमत 2,02,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही। इससे पहले, चांदी के भाव में लगातार 3 दिनों तक गिरावट दर्ज की गई थी।
डॉलर के मुकाबले रुपये में लगातार तीसरे दिन भी जारी रही गिरावट
कारोबारियों ने कहा कि अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में लगातार तीसरे दिन गिरावट आई। सोमवार को रुपया 29 पैसे टूटकर 95.22 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इससे डॉलर में भुगतान किए जाने वाले सोने का आयात महंगा हो गया और घरेलू कीमतों को समर्थन मिला।
वैश्विक बाजारों में मामूली सुधार और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से सोने को मिला समर्थन
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटी) सौमिल गांधी ने कहा, “घरेलू बाजार में सोमवार को सोने की कीमतों में तेजी आई। वैश्विक बाजारों में मामूली सुधार के साथ कच्चे तेल की कमजोर कीमतों, अमेरिकी डॉलर में स्थिरता और बेंचमार्क अमेरिकी बॉण्ड पर यील्ड में गिरावट से सर्राफा कीमतों को समर्थन मिला।”
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों में दर्ज की गई तेजी
आज अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 17.49 डॉलर यानी 0.44 प्रतिशत बढ़कर 4013.12 डॉलर प्रति औंस हो गया। जबकि, चांदी 53.91 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रही। मिराए एसेट शेयरखान के कमोडिटी हेड प्रवीण सिंह ने कहा कि खाड़ी देश अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीतिक वार्ता फिर शुरू कराने के प्रयास कर रहे हैं। वहीं, अमेरिका, ईरान के खिलाफ नए सैन्य विकल्पों पर विचार कर रहा है। इस बीच, हाजिर सोने की कीमतों में मामूली बढ़त दर्ज की गई।
फेडरल रिजर्व के फैसलों पर रहेंगी नजरें
एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट और रिसर्च एनालिस्ट (कमोडिटी और करेंसी) जतिन त्रिवेदी के अनुसार, इस हफ्ते बाजार की नजर अमेरिकी फेडरल रिजर्व के फैसलों पर रहेगी। निवेशक महंगाई संबंधी चिंताओं और अमेरिकी चुनाव से जुड़ी अनिश्चितता के बीच ब्याज दरों के परिदृश्य तथा केविन वार्श के भावी नीतिगत संकेतों का आकलन कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें
किसानों को धान बेचने पर अलग से मिलेगा 109 रुपये प्रति क्विंटल बोनस, इस राज्य ने की घोषणा







































