घरेलू शेयर बाजार में आज दीपावली के शुभ अवसर पर मुहूर्त ट्रेडिंग का आयोजन होने जा रहा है। देश के प्रमुख स्टॉक मार्केट एक्सचेंजों BSE और NSE दीपावली के अवसर पर रविवार, 8 नवंबर को मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन आयोजित करेंगे। BSE और NSE ने 19 अक्टूबर को ही मुहूर्त ट्रेडिंग की टाइमिंग्स को लेकर घोषणा कर दी थी।
दोपहर 2:20 बजे से 3:30 बजे तक होगा मुहूर्त ट्रेडिंग का आयोजन
BSE और NSE द्वारा जारी किए गए अलग-अलग सर्कुलर के अनुसार, मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन दोपहर 2:20 बजे से 3:30 बजे तक चलेगा। इससे पहले, दोपहर 2:05 बजे से 2:20 बजे तक 15 मिनट का ‘प्री-ओपनिंग’ सेशन आयोजित किया जाएगा। शेयर बाजारों में मंगलवार, 10 नवंबर को दिवाली बलिप्रतिपदा की छुट्टी रहेगी।
शेयर बाजार में मुहूर्त ट्रेडिंग को लेकर क्या हैं मान्यताएं
बताते चलें कि मुहूर्त ट्रेडिंग दीपावली के शुभ मौके पर आयोजित होने वाला एक प्रतीकात्मक मार्केट सेशन है। मान्यताओं के अनुसार, ‘मुहूर्त’ यानी शुभ समय में कारोबार करने से संबंधित पक्षों को समृद्धि और वित्तीय वृद्धि मिलती है। हालांकि, दीपावली पर शेयर बाजार नियमित कारोबार के लिए बंद रहेगा, लेकिन निवेशकों को इस खास ट्रेडिंग सेशन में शेयरों की खरीद-बिक्री का मौका मिलेगा।
BSE और NSE के सर्कुलर के अनुसार, मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान इक्विटी, कमोडिटी डेरिवेटिव्स, करेंसी डेरिवेटिव्स, इक्विटी फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस और एसएलबी सहित कई अलग-अलग सेगमेंट में कारोबार किया जा सकता है। एक्सचेंज ने मुहूर्त ट्रेडिंग के लिए पूरा टाइम टेबल जारी किया है।
दीपावली 2026 के लिए मुहूर्त ट्रेडिंग का पूरा शेड्यूल
सर्कुलर के अनुसार, कारोबारी सदस्यों को दोपहर 1:15 बजे से 1:50 बजे के बीच लॉग-इन करने की अनुमति होगी। इसके बाद दोपहर 1:50 बजे से 2:05 बजे तक होलसेल डील के लिए समय निर्धारित किया गया है। ‘प्री-ओपनिंग’ सेशन दोपहर 2:05 बजे से 2:20 बजे तक चलेगा, जबकि नियमित कारोबार दोपहर 2:20 बजे से 3:30 बजे तक होगा। पीरियोडिक कॉल ऑक्शन सेशन दोपहर 2:25 बजे से 3:20 बजे तक निर्धारित किया गया है।
इनके अलावा, क्लोजिंग ऑक्शन की गतिविधियां दोपहर 3:15 बजे से 3:35 बजे तक होंगी, जबकि नॉन-सीएएस सिक्यॉरिटीज के लिए क्लोजिंग सेशन दोपहर 3:30 बजे से 3:50 बजे तक चलेगा। सीएएस सिक्यॉरिटीज के लिए क्लोजिंग बफर अवधि दोपहर 3:35 बजे से 3:50 बजे तक निर्धारित की गई है। इसके बाद कारोबार बंद होने के बाद का सेशन दोपहर 3:50 बजे से शाम 04:00 बजे तक चलेगा।
ये भी पढ़ें







































