दशहरा से पहले त्योहारी मांग में तेजी आने और वैश्विक बाजारों में मजबूत रुख से सोने की कीमतों को समर्थन मिला। सोमवार को सोने का भाव एक बार फिर 1.50 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गया। दिल्ली के सर्राफा कारोबारियों के अनुसार, सोमवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 400 रुपये की बढ़ोतरी के साथ 1,50,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। बताते चलें कि पिछले हफ्ते शुक्रवार को सोने का भाव 1,49,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
चांदी की कीमतें लगातार दूसरे दिन भी रहीं स्थिर
हालांकि, आज चांदी की कीमत लगातार दूसरे ट्रेडिंग सेशन में भी 2.15 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर कमोडिटी एनालिस्ट सौमिल गांधी ने कहा, ”फेस्टिव सीजन की शुरुआत के साथ खुदरा मांग में सुधार और विदेशी बाजारों में सकारात्मक रुख के समर्थन से सोमवार को घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में तेजी आई।” दशहरा के मौके पर मंगलवार, 20 अक्टूबर को सर्राफा बाजार बंद रहेंगे।
हाजिर सोने की मांग में हुआ सुधार
सौमिल गांधी ने कहा कि हाजिर सोने की मांग में सुधार हुआ है। पिछले हफ्ते सोना 3 महीने से ज्यादा समय में पहली बार प्रीमियम पर कारोबार करता दिखा, क्योंकि कीमतों में गिरावट से आभूषणों की खरीदारी को प्रोत्साहन मिला। उन्होंने कहा, ”भारत के सबसे बड़े त्योहार दीपावली से पहले खुदरा मांग और मजबूत होने की उम्मीद है, जिससे घरेलू बाजार को समर्थन मिलेगा।”
त्योहारी सत्र के दौरान सोने के कीमतों में मामूली उछाल आने की संभावना
ओम्निसाइंस कैपिटल के सीईओ विकास गुप्ता ने कहा कि त्योहारी और शादी-विवाह के मौसम में आमतौर पर सोने की कीमतों में तेजी आती है। हालांकि, अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें बढ़ाए जाने की संभावना वैश्विक कीमतों पर दबाव बनाए रख सकती है। विकास गुप्ता ने कहा, ”घरेलू सोने की कीमतों में त्योहारी सत्र के दौरान मामूली उछाल आने की संभावना है, लेकिन इसके बाद कीमतें स्थिर रह सकती हैं।”
कच्चे तेल के भाव में नरमी और महंगाई की चिंताएं कम होने से कीमतों में तेजी
वैश्विक बाजार में हाजिर सोना मामूली बदलाव के साथ 4,175.57 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी 1 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त के साथ 57.63 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। ब्रोकरेज प्लेटफॉर्म लेमन के रिसर्च हेड गौरव गर्ग ने कहा, ”कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और अमेरिकी बॉन्ड पर यील्ड में गिरावट से महंगाई की चिंताएं कम होने और कीमती धातुओं को समर्थन मिलने के कारण सोने और चांदी की कीमतों में तेजी है।”
ये भी पढ़ें
BSE और NSE ने जारी किया मुहूर्त ट्रेडिंग का दिन और समय, जानें किस दिन रहेगी बाजार की छुट्टी






































