
Share Market Holiday: घरेलू शेयर बाजार के दोनों प्रमुख एक्सचेंजों- बीएसई और एनएसई में गुरुवार, 15 जनवरी को छुट्टी रहेगी। छुट्टी की वजह से बीएसई और एनएसई पर सभी तरह के कारोबार पूरी तरह से बंद रहेंगे। हालांकि, कमोडिटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट शाम के सत्र में कारोबार के लिए खुल जाएंगे। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) दोनों ने 15 जनवरी को मुंबई में होने वाले बीएमसी चुनावों को ध्यान में रखकर बाजार बंद रखने की घोषणा की है। बताते चलें कि बीएसई और एनएसई दोनों के दफ्तर मुंबई में ही स्थित हैं। बीएसई और एनएसई ने पिछले साल हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दौरान भी छुट्टी की घोषणा की थी।
भारत में बीएसई और एनएसई के अलावा कुल 4 स्टॉक एक्सचेंज
भारतीय शेयर बाजार के दोनों प्रमुख एक्सचेंज बीएसई और एनएसई हर हफ्ते सिर्फ 5 दिन कारोबार करते हैं और प्रत्येक शनिवार-रविवार को बंद रहते हैं। इसके अलावा, अलग-अलग प्रमुख त्योहारों के मौकों पर भी बीएसई और एनएसई में कारोबार बंद रहता है। साल 2026 में अलग-अलग त्योहारों के मौकों पर बीएसई और एनएसई में कुल 15 दिनों की छुट्टी रहेगी। इस महीने, 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौके पर शेयर बाजार की पहली त्योहारी छुट्टी रहेगी। सेबी के मुताबिक, भारत में कुल 4 स्टॉक एक्सचेंजों में कारोबार होता है। बीएसई और एनएसई के अलावा, कोलकाता के कलकत्ता स्टॉक एक्सचेंज (CSE) और मुंबई के ही मेट्रोपॉलिटन स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (MSE) में भी शेयरों का कारोबार होता है।
सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुए घरेलू शेयर बाजार
घरेलू शेयर बाजार में पिछले हफ्ते लगातार 5 दिनों की गिरावट के बाद आज बढ़त देखने को मिली। सोमवार को बाजार ने गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार की शुरुआत की थी, लेकिन आखिर में खरीदारी हावी हुई और बाजार बढ़त के साथ हरे निशान में आ गया। कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 301.93 अंकों (0.36%) की तेजी के साथ 83,878.17 अंकों पर बंद हुआ। जबकि, एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स 106.95 अंकों (0.42 प्रतिशत) की बढ़त के साथ 25,790.25 अंकों पर बंद हुआ।







































