प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने IDFC बैंंक धोखाधड़ी मामले में चल रही जांच के सिलसिले में रियल एस्टेट कारोबारी विक्रम वाधवा को धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया है। उन्हें 29 मई को गिरफ्तार किया गया था। यह गिरफ्तारी हरियाणा सरकार, चंडीगढ़ केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन और चंडीगढ़ और पंचकुला स्थित दो निजी स्कूलों के आईडीएफसी फर्स्ट बैंक में मौजूद खातों से 645 करोड़ रुपये के सार्वजनिक धन के गबन के मामले में एजेंसी की चल रही जांच के सिलसिले में की गई है। ईडी के अनुसार, वाधवा उन मुख्य आरोपियों में से एक है, जिन्होंने ऋभव ऋषि, अभय कुमार, बैंक अधिकारियों और सरकारी अधिकारियों के साथ मिलीभगत करके सरकारी धन का गबन किया।






































