पंजाबी सिंगर रणजीत बावा 5 साल पुरानी कसूर सांग कंट्रोवर्सी पर जवाब देते हुए।
पंजाबी सिंगर रणजीत बावा ने 5 साल पुराने गीत पर हुई कंट्रोवर्सी को लेकर आलोचकों को जवाब दिया। बावा ने कहा कि कसूर गीत को वह 5 साल पहले अपने चैनल से डिलीट कर चुके हैं। मेरे शो कैंसिल करवाने को लेकर कुछ लोग इस कन्ट्रोवर्सी को जिंदा रखना चाहते हैं। ऐसे ल
.
सिंगर ने कहा कि मेरे लिए सभी धर्म प्यारे हैं। मेरा किसी धर्म का मजाक उड़ाने का कोई उद्देश्य कभी न तो रहा और न ही आगे होगा। गीत पर विवाद होने के बाद मैंने कभी उसे गाया तक नहीं। उलटा मुझ पर पर्चे करवाने वाले अपने पेजों पर इसे शेयर कर प्रचार कर रहे हैं।
बता दें कि 5 साल पहले आए रणजीत बावा के गीत कसूर पर कंट्रोवर्सी हो गई थी। विश्व हिंदू परिषद ने आरोप लगाया था कि इसमें हिंदू धर्म को लेकर टिप्पणी की गई है, जिससे भावनाएं आहत हुई हैं। जालंधर में इसे लेकर शिकायत की गई थी।

पंजाबी सिंगर के कसूर गीत पर विवाद हुआ था।- फाइल फोटो
सिंगर रणजीत बावा की 3 अहम बातें
- खाली फसाद न खड़े किया करो: सिंगर रणजीत बावा ने कहा कि 5 साल पुराने मुद्दों को न उठाया करो। बिना मतलब से फसाद खड़ा न किया करो। मैंने 5 साल से इस गीत को कभी शेयर ही नहीं किया। आप खुद ही पंगा लेते हो और फिर खुद ही पर्चे करवा देते हो। बार-बार इसे पेजों पर डालकर दुनिया को आप खुद इस गाने का प्रचार कर रहे हैं। इसलिए बिनती है कि बिना मतलब के फसाद खड़े न किया करो।
- TRP बढ़ाने के लिए शोर न मचाया करो: रणजीत बावा ने कहा कि बिना मतलब से TRP बढ़ाने के लिए ऐसे ही शोर मत मचाया करो। कसूर गीत को तो मैंने डिलीट कर दिया है। आप खुद इस गीत पर कंट्रोवर्सी क्रिएट करने से बाज नहीं आते। न तो अब इस गीत को गाते हैं और न ही इसे लगाते हैं। अगर हमने इस गीत को लगा दिया तो फिर काम मुश्किल हो जाएगा।
- सभी धर्म मुझे प्यारे हैं, खुश रहा करो: रणजीत बावा ने कहा कि खुश रहा करो और सबके साथ प्यार किया करो। हिंदू धर्म भी हमारा अपना है, सिख धर्म भी अपना है। सब धर्म मेरे लिए प्यारे हैं। सभी धर्म हमारे साझे हैं। आप इस गीत का बार-बार जिक्र कर पूरी दुनिया को बता रहे हैं।
जालंधर में दर्ज करवाया था मामला कसूर गीत को लेकर 5 साल पहले हिंदू नेता व पंजाब भाजयुमो के तत्कालीन मीडिया इंचार्ज एडवोकेट अशोक सरीन हिक्की ने जालंधर के डिवीजन-3 थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। इसकी कॉपी तत्कालीन CM कैप्टन अमरिंदर सिंह और डीजीपी को भेजी थी।
सरीन ने रणजीत बावा सहित गीत के लेखक बीर सिंह, म्यूजिक डायरेक्टर गुरमोह, वीडियो डायरेक्टर धीमान प्रोडक्शंस एंड बुल 18 कंपनी के खिलाफ भी शिकायत दर्ज करवाई थी।

हिमाचल के बद्दी में रेडक्रॉस के शो को विश्व हिंदू परिषद ने रद्दा करवा दिया था।
हिमाचल में भी VHP ने शो कैंसिल करवाया था विश्व हिंदू परिषद कसूर गीत के विवाद को लेकर रणजीत बावा का हिमाचल के बद्दी में होने वाला शो कैंसिल करवा चुकी है। इस पर भी सिंगर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर नाराजगी जताते हुए कहा था कि कुछ लोगों ने पॉलिटिक्स खेलकर इस गीत को हिंदू-सिख का मुद्दा बना दिया है।
बावा को एक साल पहले नालागढ़ के रेडक्रॉस मेले में परफॉर्मेंस के लिए बुलाया गया था। इसका विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने विरोध किया था। बावा का शो कैंसिल कर सिंगर कुलविंदर बिल्ला को बुलाया गया था।




































