
आज के समय में पर्सनल लोन जरूरतों को पूरा करने का एक आसान और तेज जरिया बन गया है। हालांकि, लोन लेते समय सिर्फ कम ब्याज दर देखकर फैसला करना कई बार नुकसानदायक साबित हो सकता है। सही जानकारी और तुलना के बिना लिया गया कम ब्याज वाला लोन भी आगे चलकर महंगा साबित हो सकता है। सही लोन चुनने के लिए जरूरी है कि आप ब्याज दर के साथ-साथ उससे जुड़े अन्य शुल्क, शर्तें और सुविधाओं को भी समझें। लोन आवेदन से पहले इन अहम पहलुओं पर ध्यान देकर न सिर्फ आप पैसे बचा सकते हैं, बल्कि भविष्य की वित्तीय परेशानियों से भी बच सकते हैं।
प्रोसेसिंग फीस पर रखें नजर
ज्यादातर बैंक और वित्तीय संस्थान लोन प्रोसेस करने के लिए एकमुश्त प्रोसेसिंग फीस लेते हैं, जिससे लोन की कुल लागत बढ़ जाती है। इसलिए सिर्फ ब्याज दर ही नहीं, बल्कि विभिन्न लेंडर्स द्वारा ली जाने वाली प्रोसेसिंग फीस की तुलना करना भी जरूरी है।
प्री-क्लोजर चार्ज की जानकारी लें
कई बैंक लोन अवधि पूरी होने से पहले पूरी रकम चुकाने पर प्री-क्लोजर शुल्क वसूलते हैं। ऐसे में लोन लेने से पहले यह जरूर जांच लें कि संबंधित बैंक या एनबीएफसी प्री-क्लोजर चार्ज लागू करती है या नहीं।
कस्टमर सर्विस भी जरूरी
अच्छी ग्राहक सेवा एक बेहतर लोन अनुभव की कुंजी होती है। आवेदन से पहले यह जानना जरूरी है कि बैंक या वित्तीय संस्था की कस्टमर केयर कितनी प्रभावी है और जरूरत पड़ने पर कितनी जल्दी सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
पात्रता मानदंड जरूर जांचें
भले ही कोई बैंक कम ब्याज दर का दावा कर रहा हो, लेकिन यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि आप उसकी पात्रता शर्तों पर खरे उतरते हैं या नहीं। इसमें आपकी आय, उम्र, नौकरी या क्रेडिट प्रोफाइल जैसी शर्तें शामिल होती हैं।
लोन डिस्बर्सल समय पर करें गौर
अगर लोन आपात जरूरत के लिए लिया जा रहा है, तो लोन मिलने में लगने वाला समय बेहद अहम हो जाता है। आज कई प्रमुख बैंक और एनबीएफसी कुछ ही सेकंड या घंटों में लोन राशि डिस्बर्स कर देते हैं।
अन्य शुल्क भी करें तुलना
कई मामलों में थोड़ा अधिक ब्याज दर वाला लोन कुल मिलाकर सस्ता पड़ सकता है, अगर उसमें अन्य शुल्क कम हों। जैसे- डिफॉल्ट चार्ज, प्री-पेमेंट फीस, लोन कैंसलेशन चार्ज, चेक या ईएमआई बाउंस चार्ज, इंस्ट्रूमेंट रिटर्न चार्ज, स्टांप ड्यूटी, डुप्लिकेट स्टेटमेंट या अमोर्टाइजेशन शेड्यूल जारी करने का शुल्क आदि। इसलिए सभी चार्जेस की तुलना करना जरूरी है।
डिस्काउंट के लिए बातचीत करें
कई बार बैंक या वित्तीय संस्थान ब्याज दर पर बातचीत की गुंजाइश रखते हैं। खासतौर पर मौजूदा ग्राहकों या लंबे समय से जुड़े उपभोक्ताओं को बेहतर ब्याज दर या छूट दी जा सकती है।
स्पेशल ऑफर्स का उठाएं लाभ
त्योहारों या खास मौकों पर कई बैंक और वित्तीय संस्थान पर्सनल लोन पर विशेष ऑफर्स और कम ब्याज दरें पेश करते हैं। ऐसे समय में लोन लेना फायदेमंद साबित हो सकता है।





































