
शेयर बाजार निवेशकों के लिए पिछला हफ्ता काफी बुरा रहा। इस दौरान, देश की 10 सबसे बड़ी कंपनियों में से 7 कंपनियों के मार्केट कैप में कुल 3,63,412.18 करोड़ रुपये की भारी गिरावट दर्ज की गई। जबकि, बाकी की 3 कंपनियों के मार्केट कैप में कुल 41,598.99 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ। पिछले हफ्ते, रिलायंस इंडस्ट्रीज के मार्केट कैप में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। वहीं, आईसीआईसीआई बैंक की वैल्यूएशन में शानदार बढ़ोतरी देखी गई। बताते चलें कि पिछले हफ्ते बीएसई का बेंचमार्क इंडेक्स 2185.77 अंकों (2.54 प्रतिशत) की बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ था।
पिछले हफ्ते इन कंपनियों को हुआ नुकसान
पिछले हफ्ते नुकसान में रहने वाली कंपनियों की लिस्ट में रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, भारती एयरटेल, इंफोसिस, बजाज फाइनेंस और लार्सन एंड टुब्रो के नाम शामिल हैं। जबकि, आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर और भारतीय स्टेट बैंक के मार्केट कैप में इजाफा हुआ।
रिलायंस के मार्केट कैप में 1,58,532.91 करोड़ रुपये की भारी गिरावट
शुक्रवार को खत्म हुए सप्ताह के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 1,58,532.91 करोड़ रुपये गिरकर 19,96,445.69 करोड़ रुपये पर आ गया। एचडीएफसी बैंक की वैल्यूएशन 96,153.61 करोड़ रुपये गिरकर 14,44,150.26 करोड़ रुपये हो गई। भारती एयरटेल का मार्केट वैल्यूएशन 45,274.72 करोड़ रुपये गिरकर 11,55,987.81 करोड़ रुपये हो गया और बजाज फाइनेंस का मार्केट कैप 18,729.68 करोड़ रुपये गिरकर 5,97,700.75 करोड़ रुपये हो गया।
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज को 15,232.14 करोड़ रुपये की चपत
इनके अलावा, लार्सन एंड टुब्रो का मार्केट कैप 18,728.53 करोड़ रुपये गिरकर 5,53,912.03 करोड़ रुपये हो गया और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज का मार्केट कैप 15,232.14 करोड़ रुपये गिरकर 11,60,682.48 करोड़ रुपये हो गया। जबकि, इंफोसिस का मार्केट कैप 10,760.59 करोड़ रुपये गिरकर 6,70,875 करोड़ रुपये हो गया।
आईसीआईसीआई बैंक की वैल्यूएशन में 34,901.81 करोड़ रुपये का इजाफा
वहीं दूसरी ओर, आईसीआईसीआई बैंक की वैल्यूएशन 34,901.81 करोड़ रुपये बढ़कर 10,03,674.95 करोड़ रुपये हो गई। हिंदुस्तान यूनिलीवर के मार्केट कैप में 6097.19 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई और ये 5,57,734.23 करोड़ रुपये हो गया। इस दौरान, भारतीय स्टेट बैंक का मार्केट कैप 599.99 करोड़ रुपये बढ़कर 9,23,061.76 करोड़ रुपये हो गया।






































