
शांभवी चौधरी और इकरा हसन।
India TV की ओर से SHE कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कैराना सीट से सपा सांसद इकरा हसन और चिराग पासवान की पार्टी LJPR की लोकसभा सांसद शांभवी चौधरी ने भाग लिया। इस खास मौके पर समस्तीपुर की सांसद ने अपनी राजनीतिक जर्नी पर बात करते हुए कहा, “मेरा दिल्ली आने तक का सफर लंबा रहा है। मैंने बचपन से राजनीति में सेवा भाव को देखा है। नारी का सम्मान करना हमारी संस्कृति का हिस्सा है। राजनीति में आने का बचपन से सपना था। मैंने नेता बनने के अलावा और कुछ सोचा ही नहीं था।”
‘नेपो किड के नाम पर महिलाएं ज्यादा टारगेट होती हैं’
राजनीतिक जीवन में आने वाली मुश्किलों को लेकर उन्होंने बताया, इस दुनिया में महिलाओं पर कमेंट करना सबसे आसान हो गया है। नेपो किड के नाम पर महिलाएं ज्यादा टारगेट होती हैं। मुझे नेपो किड कहना समस्तीपुर की जनता का अपमान है। नीतीश कुमार ने पंचायत में महिलाओं को 50% आरक्षण दिया। लेकिन महिलाओं के लिए पॉलिटिक्स को सेफ नहीं माना जाता, टिकट बंटवारे में आज भी महिलाएं सेकेंड च्वाइस हैं।
मेरा राजनीति में आना एक्सीडेंटल था- इकरा हसन
वहीं, सपा सांसद इकरा हसन ने अपनी राजनीतिक जर्नी शेयर करते हुए कहा कि उन्हें एक गार्ड ने कहा था कि तुम नेता बनोगी। इकरा हसन ने कहा, ”संसद के एक गार्ड ने मुझसे कहा था मैं सांसद बनूंगी। मैंने कभी नहीं सोचा था मैं राजनीति में आऊंगी, मेरा राजनीति में आना एक्सीडेंटल था। मेरी तीसरी पीढ़ी राजनीति में एक्टिव है इसलिए राजनीति मेरे लिए बड़ी जिम्मेदारी है। मेरा परिवार ओपन स्वभाव का है।”

‘महिलाओं के लिए राजनीतिक दलों में भी रिजर्वेशन जरूरी’
राजनीति में महिलाओं के सामने आने वाली चुनौतियों को लेकर सपा सांसद ने कहा, ”हमें आज भी काबिलियत से ज्यादा बेटी-बहू बनकर वोट मांगना पड़ता है। महिलाओं के लिए राजनीतिक दलों में भी रिजर्वेशन जरूरी है। एक-दो टिकट मिल जाने से हम बदलाव नहीं ला सकते। साथ ही हिजाब और पर्दा महिलाओं पर थोपा नहीं जाना चाहिए। ये महिला की च्वाइस से होना चाहिए।”
‘मेरे भाई मुझसे बड़े हैं लेकिन पद मेरा बड़ा है’
इकरा हसन ने राजनीति में पैशन की अहमियत के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा, मैं ऐसा काम करना चाहती हूं जिससे महिलाओं के लिए रास्ते खुले। मैं जिम्मेदारियां निभाने राजनीति में आई हूं। महिलाओं के पहनावे पर नहीं काम पर फोकस जरूरी है। मेरे भाई मुझसे बड़े हैं लेकिन पद मेरा बड़ा है।







































