भारत और चीन के बीच यात्रा करने वाले लोगों के लिए एक अच्छी खबर आ रही है। दोनों देशों की राजधानी के बीच जल्द ही डायरेक्ट फ्लाइट सर्विस शुरू होने वाली है। भारत में चीनी दूतावास की प्रवक्ता यू जिंग ने इसकी जानकारी दी है। यू जिंग ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट किया है। प्रवक्ता ने अपनी पोस्ट में बताया कि एयर चाइना नई दिल्ली और बीजिंग के बीच डायरेक्ट फ्लाइट सर्विस को बहाल करने जा रहा है। बताते चलें कि दोनों देशों के बीच बेहतर होते संबंधों के बीच पिछले महीने ही नई दिल्ली और शंघाई के बीच डायरेक्ट फ्लाइट सर्विस शुरू की गई थी।
1 फरवरी को शंघाई से नई दिल्ली आई थी एयर इंडिया की फ्लाइट
एयर इंडिया ने 1 फरवरी को शंघाई से नई दिल्ली के लिए अपनी पहली फ्लाइट ऑपरेट की थी। एयर इंडिया की इस फ्लाइट में 230 यात्री सवार थे, जो शंघाई से नई दिल्ली आए थे। बताते चलें कि 6 सालों में ऐसा पहली बार हुआ था, जब भारत और चीन के इन दो प्रमुख शहरों के बीच डायरेक्ट फ्लाइट ऑपरेट हुई। इंडिगो भी जल्द ही चीन के लिए अपनी सर्विस शुरू करने वाला है। भारत और चीन के बीच फ्लाइट सर्विस शुरू होने से न सिर्फ सामान्य लोगों को सुविधा मिलेगी, बल्कि इससे छोटे व्यापारियों और सैलानियों को भी काफी फायदा होगा।
ट्रेड और टूरिज्म को भी मिलेगा बढ़ावा
भारत में चीनी दूतावास की प्रवक्ता यू जिंग ने बताया कि नई दिल्ली और बीजिंग के बीच शुरू होने वाली फ्लाइट सर्विस सिर्फ यात्रा नहीं बल्कि ट्रेड, टूरिज्म और भरोसे के लिए काफी अहम होगा, जिससे SCO और BRICS के लोगों को काफी लाभ मिलेगा। बताते चलें कि कोरोना वायरस और फिर गलवान में भारत और चीनी सेना के बीच हुई भिड़ंत के बाद दोनों देशों के बीच साल 2020 से ही डायरेक्ट फ्लाइट सर्विस बंद पड़ी थीं। हालांकि, पिछले साल भारत और चीन बातचीत के लिए आगे आए और अक्टूबर में फ्लाइट सेवाएं शुरू हुईं।





































