पहलगाम आतंकी हमले की बरसी पर भारतीय सेना ने पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी जारी की है। सेना ने आतंक के खिलाफ जंग के अपने संकल्प को दोहराया है। सेना ने आधिकारिक हैंडल से ट्वीट कर के कहा है कि भारत के खिलाफ किसी भी कृत्य का जवाब निश्चित तौर पर दिया जाएगा। आपको बता दें कि बीते साल 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में स्थित बैसरन घाटी में आतंकवादियों ने पर्यटकों समेत 26 लोगों की हत्या कर दी थी। आतंकियों ने लोगों से उनका धर्म पूछकर उन्हें गोली मारी थी। भारत के सशस्त्र बलों ने इसका बदला ऑपरेशन सिंदूर के जरिए लिया था।
ऑपरेशन सिंदूर जारी है
भारतीय सेना ने बुधवार को X पर अपने आधिकारिक हैंडल से एक ट्वीट किया। इस ट्वीट में लिखा था- ”भारत के खिलाफ कृत्यों का जवाब निश्चित तौर पर दिया जाएगा। न्याय जरूर किया जाएगा! हमेशा! #सिंदूरवर्षगांठ# न्याय कायम रहे, # राष्ट्र सर्वोपरि।” इस पोस्ट के साथ सेना ने एक तस्वीर भी शेयर की है। इस तस्वीर में वर्दी पहने तीन सैनिक एक बड़े लाल घेरे में एक-दूसरे के बगल में खड़े हैं और तस्वीर पर कैप्शन में लिखा है- ”ऑपरेशन सिंदूर जारी है”
आपको बता दें कि इससे पहले 21 अप्रैल को पहलगाम हमले की पहली बरसी की पूर्व संध्या पर भी भारतीय सेना ने एक ट्वीट किया था। इस ट्वीट में लिखा था- “जब मानवता की सीमाएं लांघ दी जाती हैं, तो जवाब निर्णायक होता है।” इस ट्वीट के साथ भी सेना ने एक पोस्टर जारी किया था जिसपर लिखा था- कुछ सीमाएं कभी लांघी नहीं जानी चाहिए।”
भारत ने पाकिस्तान को सिखाया था सबक
पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत के सशस्त्र बलों ने 6-7 मई की रात पाकिस्तान और पीओके में स्थित आतंकी ठिकानों को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया था। इसके बाद पाकिस्तान की सेना ने भारत पर मिसाइल और ड्रोन से हमले शुरू किए थे। भारत ने पाकिस्तान के सभी हमलों को नाकाम कर दिया था। भारत ने पाकिस्तान के 12 प्रमुख एयरबेस को तबाह कर दिया था। लगभग 88 घंटे तक चले इस सैन्य संघ में पाकिस्तान को बड़ा नुकसान हुआ था और उसके कई विमान तबाह हो गए थे। इसके अलावा पाकिस्तान के सैकड़ों सैनिक और आतंकियों की मौत हुई थी। 20 मई को पाकिस्तान की अपील के बाद दोनों देशों के बीच सीजफायर हुआ था। (इनपुट: भाषा)
ये भी पढ़ें- सेना ने भुज में दिखाई विध्वंसक ताकत, ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ से पहले किया शक्ति प्रदर्शन, देखें वीडियो
पहलगाम में हुए भयानक आतंकी हमले के ठीक एक साल बाद कैसे हैं हालात, देखें तस्वीरें







































