दिल्ली-एनसीआर के वासियों का सालों लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कल से आधिकारिक तौर पर कमर्शियल विमानों की आवाजाही शुरू होने जा रही है। एयरपोर्ट अथॉरिटी और विमानन कंपनियों ने इस ऐतिहासिक दिन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। नोएडा एयरपोर्ट से पहले दिन 4 बड़े शहरों के लिए सीधी उड़ानें शुरू की जा रही हैं। इस शुरुआत के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के करोड़ों लोगों को अब फ्लाइट पकड़ने के लिए दिल्ली के आईजीआई (IGI) एयरपोर्ट के लंबे ट्रैफिक और भीड़भाड़ से मुक्ति मिल जाएगी।
मंत्रालय के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन बेहद खास और ऐतिहासिक होने जा रहा है। यहां से उड़ान भरने वाले सबसे पहले विमान में देश 172 किसान सवार होंगे, जो नोएडा से लखनऊ के लिए रवाना होंगे। बताया जा रहा है कि जेवर से विधायक धीरेन्द्र सिंह 172 किसान पहली फ्लाइट में सफर करेंगे। इसके बाद सभी किसान लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर धन्यवाद ज्ञापित करेंगे।
पहले दिन कुल 8 उड़ानों की होगी आवाजाही
15 जून को पहले दिन एयरपोर्ट पर चार आगमन और चार प्रस्थान को मिलाकर कुल आठ उड़ानों का सफल संचालन किया जाएगा। पहले दिन की सभी उड़ानों की कमान पूरी तरह देश की दिग्गज एयरलाइन कंपनी इंडिगो के हाथों में होगी। पहले दिन 4 प्रमुख शहरों लखनऊ, बेंगलुरु, हैदराबाद और अमृतसर के लिए विमान अपनी सेवाएं देंगे।
16 जून से अकासा एयर की एंट्री
पहले दिन के इस भव्य आगाज के बाद, अगले ही दिन यानी 16 जून से एयरपोर्ट पर उड़ानों का ग्राफ तेजी से बढ़ेगा। इंडिगो 16 जून से नोएडा से बेंगलुरु और जम्मू के लिए अपनी नियमित दैनिक उड़ानें शुरू कर देगी। अकासा एयर भी 16 जून से मैदान में उतर रही है। कंपनी नोएडा से नवी मुंबई और बेंगलुरु के लिए अपनी दैनिक सेवाएं शुरू करेगी।
01 जुलाई से मेगा कनेक्टिविटी
अगले चरण में 1 जुलाई से इंडिगो का महा-प्लान शुरू होगा, जिसके तहत नवी मुंबई, श्रीनगर, जोधपुर, धर्मशाला, भोपाल और देहरादून के लिए दैनिक उड़ानें मिलेंगी। इसके साथ ही जयपुर, लखनऊ, पंतनगर और चंडीगढ़ के लिए रोजाना दो-दो उड़ानें, बरेली के लिए हफ्ते में चार और किशनगढ़ के लिए हफ्ते में तीन उड़ानें उपलब्ध कराई जाएंगी।







































