कर्नाटक के तुमकुरु में बीते शुक्रवार को एक चलती कार में हुए भयानक ब्लास्ट में एक शख्स की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कार में बैठी एक महिला और ड्राइवर घायल हो गए। यह हादसा सीरा तालुका में जोगीहल्ली के पास नेशनल हाईवे-48 पर हुआ। ब्लास्ट के बाद आग की चपेट में कार पूरी तरह से आ गई, जिससे हाईवे पर लगभग 1 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
जिंदा जलकर हुई नागेंद्र की मौत
बता दें कि इस घटना के मृतक की पहचान 30 साल के नागेंद्र के रूप में हुई है, जो अंकोला के रहने वाले थे और फिलहाल बेंगलुरु में रहते थे। इस हादसे में रम्या और कार का ड्राइवर प्रवीण भी जख्मी हो गए। दुर्घटना के बाद रम्या और प्रवीण को इलाज के लिए तुमकुरु के डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया।
कार में विस्फोटक सामग्री होने का शक
शुरुआती पड़ताल में सामने आया है कि नागेंद्र, रम्या और प्रवीण कार में सवार होकर बेंगलुरु से अंकोला की तरफ जा रहे थे। पुलिस को संदेह है कि कार में विस्फोटक सामग्री थी, जिसकी वजह से इतना भीषण धमाका हुआ। हादसे के बाद कल्लमबेला थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और केस की जांच शुरू कर दी है।
नागेंद्र और रम्या के रिश्ते में था तनाव
पुलिस के मुताबिक, नागेंद्र और रम्या के बीच प्रेम संबंध था, लेकिन पिछले कुछ वक्त से दोनों के रिश्ते में टेंशन चल रही थी। रम्या ने कथित रूप से नागेंद्र का फोन नंबर ब्लॉक किया हुआ था। बेंगलुरु के संजय गांधी हॉस्पिटल में रम्या ओटी टेक्नीशियन के तौर पर काम करती है और जयनगर में किराए के घर में रहती है।
रम्या को जबरन अपने साथ अंकोला ले जा रहा था नागेंद्र
शुक्रवार की सुबह नागेंद्र कथित रूप से रम्या के घर पहुंचा और उससे झगड़ा किया। इसी दौरान, नागेंद्र ने रम्या को जबरन अपने साथ अंकोला ले जाने का प्रयास किया। रम्या के परिजन जयनगर पुलिस स्टेशन में किडनैपिंग की शिकायत भी दर्ज करा चुके थे।
नागेंद्र ने कार में ही रम्या पर कर दिया अटैक
पुलिस के अनुसार, सफर के दौरान नागेंद्र लगातार रम्या की जान लेने और खुद को भी खत्म करने की धमकी दे रहा था। उसने कथित रूप से पेट्रोल बम भी दिखाया था। फिर, जोगीहल्ली के पास नागेंद्र ने रम्या पर चाकू से अटैक कर दिया।
रम्या के कार से कूदने के बाद हुआ धमाका
इस बीच, ड्राइवर ने कार को रोक दिया। फिर रम्या ने किसी प्रकार से बचकर दरवाजा खोला और कार से बाहर कूद गई। कुछ ही देर बाद कार में जोरदार धमाका हुआ और उसमें आग लग गई। इसकी वजह से नागेंद्र की जिंदा जलकर मौत हो गई। पुलिस ने बम जैसी विस्फोटक सामग्री भी कार से बरामद कर ली है।
ये भी पढ़ें- कर्नाटक के मंड्या में कावेरी नदी में फोटो खिंचवाने के दौरान डूबे एक ही परिवार के 5 सदस्य, सभी की मौत







































