
सीएम मोहन यादव
इंडिया टीवी के चर्चित शो आप की अदालत में आज हमारे मेहमान बने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव। इस दौरान इंडिया टीवी के चेयरमैन और एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा ने सीएम मोहन यादव से कई तीखे सवाल किए। इस दौरान सीएम मोहन यादव ने रजत शर्मा के सवालों का बखूबी जवाब दिया। सीएम मोहन यादव ने कहा कि जिसकी जैसी दृष्टि वैसी सृष्टि। कांग्रेस अपने वोट बैंक के लिए जाति-जाति में देखती है। इससे लोकतंत्र कमजोर होता है। हमारी पार्टी सबका साथ, सबका विश्वास के प्रयासों से चलती है, मोदी जी से चलती है।
राहुल गांधी पर बरसे सीएम मोहन यादव
सीएम मोहन यादव ने कहा कि राहुल गांधी को कौन समझाए, उन्होंने कह दिया कि भाजपा वोट चोरी कर रही है। लेकिन वो भूल रहे हैं कि 10 साल पहले उनकी सरकार थी, वो क्या सो रहे थे। 10 साल पहले मनमोहन सिंह की सरकार। सब राज्यों में अपने ढंग से चुनाव हो रहे थे। मुझे बड़े दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि उनके ऐसे बयानों से उनकी पार्टी और रसातल में जा रही है। कांग्रेस पार्टी में राहुल गांधी को जो काम दे दो उसके वो बेड़ा गर्क कर देते हैं। कांग्रेस के नेता ही बताते हैं कि जिस राज्य में जिस पार्टी का सपोर्ट करने राहुल गांधी जाते हैं, वहां भले ही दूसरी पार्टी जीत जाए लेकिन कांग्रेस पार्टी और गर्त में चली जाती है।
राहुल गांधी को डूब मरना चाहिए: मोहन यादव
सीएम मोहन यादव ने कहा कि राहुल गांधी को विपक्ष के पद की गरिमा का एहसास नहीं है। हमें गर्व है कि आजादी से लेकर आज तक भारत का लोकतंत्र जिंदा है। राहुल गांधी सब पर प्रश्न उठाते हैं। अगर वो लोकतंत्र के पिलर्स पर प्रश्न उठाते हैं, उन्हें सुप्रीम कोर्ट पसंद नहीं है, चुनाव आयोग पसंद नहीं है, हमारे सेना द्वारा जो एयर स्ट्राइक किया जाता है, अगर वो उसपर सवाल उठाते हैं तो राहुल गांधी को डूब मरना चाहिए। वो जो जो बोल रहे हैं, जनता सबका हिसाब रख रही है। राहुल गांधी को आगे इसका जवाब जनता को देना होगा।







































