ओडिशा विजिलेंस ने आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में केंद्रापड़ा फॉरेस्ट रेंज के फॉरेस्ट रेंजर रविन्द्र कुमार नायक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को विजिलेंस की टीम ने एक साथ चार अलग-अलग स्थानों पर तलाशी अभियान शुरू किया। यह कार्रवाई विशेष न्यायाधीश, विजिलेंस, कटक द्वारा जारी सर्च वारंट के आधार पर की जा रही है। विजिलेंस की इस कार्रवाई में 5 डीएसपी, 9 इंस्पेक्टर, 5 एएसआई और अन्य कर्मचारियों की टीम शामिल है। तलाशी अभियान अभी भी जारी है और जांच के दौरान लगातार नई जानकारियां सामने आ रही हैं।
कहां-कहां पर हुई तलाशी?
ओडिशा में विजिलेंस ने रविन्द्र कुमार नायक से जुड़े चार स्थानों पर एक साथ तलाशी ली। इनमें कटक जिले के बारंग थाना क्षेत्र के मुंडुली-गोडीसाही स्थित उनका चार मंजिला आवास, कटक के बांकी थाना क्षेत्र के सहादापाड़ा स्थित पैतृक घर, केंद्रापड़ा में स्थित उनका कार्यालय कक्ष और केंद्रापड़ा में उनका अस्थायी निवास शामिल है।
कई संपत्तियों और निवेश का खुलासा
तलाशी के दौरान अब तक रविन्द्र कुमार नायक और उनके परिवार के नाम पर कई संपत्तियों और निवेश का पता चला है। सबसे प्रमुख संपत्ति बारंग के मुंडुली में स्थित लगभग 6,400 वर्गफुट क्षेत्र में बना चार मंजिला आलीशान मकान है। इसके अलावा बांकी के सहादापाड़ा में एक और भवन भी मिला है। जांच में बारंगा के प्रमुख इलाके में स्थित 6 कीमती प्लॉटों का भी पता चला है। इन भवनों और जमीनों का माप और बाजार मूल्य का आकलन विजिलेंस की तकनीकी टीम कर रही है।
कैश और आभूषण भी बरामद
विजिलेंस को तलाशी के दौरान 2 लाख 14 हजार रुपये नकद मिले हैं। इसके अलावा लगभग 43 लाख रुपये की जमा राशि का भी पता चला है। अन्य वित्तीय निवेशों की जांच अभी जारी है। विजिलेंस टीम सोने के आभूषणों का वजन और मूल्यांकन भी कर रही है। इसके साथ ही एक ग्रैंड विटारा कार और एक दोपहिया वाहन भी बरामद हुआ है। ओडिशा विजिलेंस का तलाशी अभियान अभी पूरा नहीं हुआ है। जांच के दौरान और भी संपत्तियों या निवेश की जानकारी सामने आ सकती है। सभी दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और अन्य संपत्तियों की विस्तार से जांच की जा रही है। (रिपोर्ट: शुभम कुमार)
ये भी पढ़ें- तेलंगाना में धन कुबेर निकली तहसीलदार, ACB की रेड में अकूत संपत्ति का खुलासा; 12 लाख कैश और 1.20 करोड़ के गहने जब्त
विजिलेंस की रेड में 2 अफसरों के ठिकानों से मिला खजाना, घर की हालत देख कोई सोच भी नहीं सकता था






































