15 जुलाई 2026 से भारत और यूनाइटेड किंगडम (UK) के बीच ऐतिहासिक कॉम्प्रिहेंसिव इकोनॉमिक एंड ट्रेड एग्रीमेंट (CETA) लागू होने जा रहा है। इस समझौते का सीधा फायदा आम लोगों से लेकर कारोबारियों तक को मिलेगा। अब ब्रिटेन से आने वाले कई प्रॉडक्ट्स पहले के मुकाबले सस्ते हो जाएंगे। वहीं भारतीय कंपनियों के लिए भी ब्रिटेन के बाजार में कारोबार करना आसान हो जाएगा।
नई ट्रेड डील लागू होने के बाद स्कॉच व्हिस्की, जिन, चॉकलेट, बिस्कुट, कॉस्मेटिक्स और कुछ ब्रिटिश कारों पर लगने वाली इंपोर्ट ड्यूटी धीरे-धीरे कम किया जाएगा। इसका असर आने वाले समय में इन उत्पादों की कीमतों पर दिखाई देगा और ग्राहकों को पहले से कम कीमत चुकानी पड़ सकती है।
स्कॉच और कारों पर टैक्स में होगी बड़ी कटौती
अभी भारत में स्कॉच व्हिस्की पर 150% तक आयात शुल्क लगता है। नए समझौते के तहत इसे पहले 75% किया जाएगा और अगले 10 वर्षों में यह घटकर 40% रह जाएगा। इसी तरह ब्रिटिश कारों पर लगने वाला 110% तक का आयात शुल्क भी चरणबद्ध तरीके से घटाकर 10% तक किया जाएगा। इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड कारों को भी इस व्यवस्था का लाभ मिलेगा।
भारतीय कारोबारियों के लिए खुलेंगे नए अवसर
इस समझौते का सबसे बड़ा फायदा भारत के निर्यातकों को मिलेगा। अब भारत अपने लगभग 99% उत्पाद बिना किसी इंपोर्ट टैक्स के ब्रिटेन भेज सकेगा। इससे भारतीय कंपनियों की प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और निर्यात में तेजी आने की उम्मीद है। टेक्सटाइल, रेडीमेड कपड़े, लेदर, फुटवियर, सीफूड, स्पोर्ट्स गुड्स, खिलौने, जेम्स एंड ज्वेलरी, इंजीनियरिंग गुड्स, ऑटो पार्ट्स और ऑर्गेनिक केमिकल्स जैसे सेक्टर को सबसे ज्यादा फायदा मिलने की संभावना है।
किसानों के हितों का भी रखा गया ध्यान
सरकार ने इस समझौते में डेयरी उत्पाद, चीनी, चावल, सेब, चीज, चिकन, पोर्क और अंडों जैसे कई कृषि उत्पादों को शामिल नहीं किया है। इसका उद्देश्य भारतीय किसानों और डेयरी उद्योग को सस्ते विदेशी उत्पादों की प्रतिस्पर्धा से सुरक्षित रखना है।
2040 तक व्यापार में बड़ी छलांग की उम्मीद
यह समझौता दोनों देशों के आर्थिक रिश्तों को नई ऊंचाई देगा। अनुमान है कि वर्ष 2040 तक भारत और ब्रिटेन के बीच कुल व्यापार में करीब 39% की बढ़ोतरी हो सकती है। इससे दोनों देशों के बीच हर साल अरबों पाउंड का अतिरिक्त कारोबार होगा और भारत के निर्यात, निवेश तथा रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे।






































