भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को दिनभर उतार-चढ़ाव का माहौल देखने को मिला, लेकिन कारोबार के अंत में निवेशकों को राहत मिली। बीएसई सेंसेक्स 130.49 अंक की बढ़त के साथ 77,185.43 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 26.45 अंक चढ़कर 24,078.50 के स्तर पर बंद हुआ। बाजार में सबसे ज्यादा खरीदारी PSU बैंक और कैपिटल गुड्स सेक्टर के शेयरों में देखने को मिली।
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी PSU बैंक इंडेक्स करीब 1% की बढ़त के साथ सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला सेक्टर रहा। इसके अलावा ऑयल एंड गैस, बैंकिंग, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एनर्जी और फार्मा सेक्टर के शेयर भी मजबूती के साथ बंद हुए। बीएसई पर कैपिटल गुड्स इंडेक्स 1.27% की तेजी के साथ सबसे बड़ा गेनर रहा। वहीं बैंकिंग, ऑयल एंड गैस और कंज्यूमर सेक्टर के शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली।
इन सेक्टरों में रही कमजोरी
बाजार की मजबूती के बीच कुछ सेक्टर दबाव में भी रहे। निफ्टी मेटल इंडेक्स 1.11% की गिरावट के साथ सबसे बड़ा लूजर रहा। इसके अलावा आईटी, एफएमसीजी, मीडिया, रियल्टी और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर के शेयरों में भी हल्की बिकवाली देखने को मिली।
किन वजहों से बाजार चढ़ा
बाजार की तेजी के पीछे कई अहम कारण रहे। सबसे बड़ा कारण अमेरिका के महंगाई के आंकड़े रहे, जहां जून में मुद्रास्फीति उम्मीद से कम रही। इससे निवेशकों को भरोसा मिला कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व इस साल ब्याज दरों में आक्रामक बढ़ोतरी नहीं करेगा। इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर प्रस्तावित 20% ट्रांजिट शुल्क वापस लेने का फैसला किया। इससे वैश्विक बाजारों में राहत का माहौल बना।
अमेरिका के रूस पर नए प्रतिबंध
अमेरिका में रूस पर प्रस्तावित नए प्रतिबंधों के मसौदे में भी बदलाव किया गया। इसमें भारत और चीन जैसे देशों पर लगाए जाने वाले संभावित शुल्क को पहले प्रस्तावित 500% से घटाकर अधिकतम 100% तक सीमित करने का प्रस्ताव रखा गया। इससे भारतीय बाजार की चिंता कुछ कम हुई।
निवेशकों को मिली राहत
हालांकि पूरे दिन बाजार में उतार-चढ़ाव बना रहा, लेकिन अंत में बढ़त के साथ बंद होने से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ। अगर वैश्विक हालात स्थिर रहते हैं और विदेशी बाजारों से सकारात्मक संकेत मिलते हैं, तो आने वाले कारोबारी सत्रों में भी भारतीय शेयर बाजार में मजबूती देखने को मिल सकती है।
यह भी पढ़ें- FII इंवेस्टमेंट धीरे-धीरे करेगा वापसी, 1 साल में 10% तक चढ़ सकता है निफ्टी






































