अगर आप पंजाब और हरियाणा के नेशनल हाईवे पर अक्सर सफर करते हैं, तो अब आपकी जेब पर ज्यादा बोझ पड़ने वाला है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इन राज्यों के कई प्रमुख टोल प्लाजा पर टोल शुल्क बढ़ा दिया है। नई दरें आज से लागू हो गई हैं। इसका असर कार चालकों के साथ-साथ बस और ट्रक ऑपरेटरों पर भी पड़ेगा।
NHAI ने पंजाब और हरियाणा के 8 प्रमुख टोल प्लाजा पर यूजर फीस में संशोधन किया है। इनमें घुलाल, कोट करोर, काला टिब्बा, शेखूपुरा, लहरा बेगा, खुइयां सरवर, कालाझार और पेइंद टोल प्लाजा शामिल हैं। नई दरों के अनुसार कार और हल्के मोटर वाहनों के लिए ज्यादातर जगहों पर 5 से 10 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। वहीं बस और ट्रकों के टोल शुल्क में भी संशोधन किया गया है।
इन शहरों के यात्रियों पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर
नई टोल दरों का सबसे ज्यादा असर चंडीगढ़, लुधियाना, अमृतसर, तरनतारन, फरीदकोट, बठिंडा, अबोहर, पटियाला, मौर और संगरूर के बीच रोजाना यात्रा करने वाले लोगों पर पड़ेगा। निजी वाहन चालकों के अलावा बस संचालकों और मालवाहक ट्रकों की परिचालन लागत भी बढ़ेगी, जिसका असर आगे चलकर परिवहन खर्च पर भी पड़ सकता है।
कुछ प्रमुख टोल प्लाजा की नई दरें
चंडीगढ़-खरड़-लुधियाना हाईवे के घुलाल टोल प्लाजा पर कार और हल्के वाहनों के लिए एक तरफ का टोल 115 रुपये और दोतरफा 170 रुपये कर दिया गया है। वहीं बसों के लिए 390 रुपये और ट्रकों के लिए 580 रुपये शुल्क देना होगा। इसी तरह कोट करोर टोल प्लाजा पर कार का एक तरफ का टोल 50 रुपये और दोतरफा 70 रुपये होगा। बसों के लिए 165 रुपये और ट्रकों के लिए 250 रुपये तय किए गए हैं। शेखूपुरा टोल प्लाजा पर कार का एक तरफ का शुल्क 55 रुपये और दोतरफा 85 रुपये कर दिया गया है।
सफर से पहले नई दरें जरूर चेक करें
अगर आप इन मार्गों पर यात्रा करने की प्लानिंग बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले संबंधित टोल प्लाजा की नई दरों की जानकारी जरूर ले लें। नई टोल दरों के लागू होने से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों और परिवहन कारोबार से जुड़े लोगों के खर्च में बढ़ोतरी होना तय माना जा रहा है।







































