कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से अपराध की चौंका देने वाली वारदात सामने आई है। बेंगलुरु में एक युवती पर प्रेमी से ब्रेकअप करने के बाद जानलेवा हमला किया गया। जानकारी के अनुसार, अमृता पर 13 जुलाई को चाकू से बेरहमी से हमला किया गया था। इसके बाद से वह अस्पताल में मौत से जंग लड़ रही थी। अब 15 जुलाई को अमृता ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बेंगलुरु पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए हमलावर सूर्या और उसके भाई धनुष को अरेस्ट कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
इस घटना को लेकर पुलिस की अब तक की जांच में कई खुलासे हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, जीवन बीमा नगर में रहने वाली अमृता और विल्सन गार्डन में रहने वाला धनुष दोनों के पारिवारिक सम्बंध थे। तीन साल पहले दोनों परिवार एक धार्मिक कार्यक्रम में मिले थे जिसके बाद अमृता और धनुष में दोस्ती हो गई।उनकी दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। हालांकि, इस साल मार्च में अमृता ने धनुष से ब्रेक अप कर लिया जिसके बाद दोनों परिवारों के बीच झगड़ा शुरू हो गया।
घर जाकर चाकू से हमला
ब्रेकअप के बाद धनुष और उसका भाई अमृता को सबक सिखाने की प्लानिंग करने लगे। धनुष और उसके भाई सूर्या ने अमृता के भाई तेजस को भी फोन किया और उसे धमकी दी कि उसकी जिंदगी के साथ खिलवाड़ करने वाली अमृता को वो सबक सिखाएंगे। इसके बाद 13 जुलाई को धनुष के कहने पर उसका भाई सूर्या अमृता के घर गया और उसकी मां से बहस करने के बाद अचानक से चाकू निकालकर उसने अमृता पर हमला कर दिया। इस घटना ने पूरे इलाके में भय का माहौल बना दिया है। आपको बता दें कि इससे पहले कर्नाटक के धारवाड़ जिले में एक 45 साल के एनेस्थिसियोलॉजिस्ट की उनके अपार्टमेंट में हत्या कर दी गई। जबकि उनका आठ साल का बेटा चाकू लगने से घायल हालत में मिला।
अस्पताल में हुई अमृता की मौत
चाकू से हमले के कारण अमृता घायल हो गई जिसके बाद पड़ोस के लोगों की मदद से अमृता को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहां मौजूद लोगों ने हमलावर सूर्या को भी पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, दो दिन इलाज के बाद बुधवार शाम को अमृता की मृत्यु हो गई। पुलिस ने इस पूरे मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है और आरोपी हमलावर सूर्या और उसके भाई धनुष को मर्डर के चार्ज में अरेस्ट कर लिया है।
ये भी पढ़ें- बेलगावी में पुलिस कमिश्नर ऑफिस के पास जिमखाना क्लब में हुई गोलीबारी, हथियारों के साथ बेखौफ घूमते दिखे आरोपी, Video
कलबुर्गी में सुबह 4:30 बजे सेंट्रल जेल से भाग गए 3 कैदी, जेल के आठ अधिकारियों पर गिरी गाज






































