सोने और चांदी की कीमतों में अगले सप्ताह भी गिरावट जारी रह सकती है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, कच्चे तेल की तेज होती कीमतें और वैश्विक आर्थिक आंकड़े सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव बनाए रख सकते हैं। इन्वेस्टर्स अमेरिकी साप्ताहिक बेरोजगारी दावों और शुरुआती पीएमआई जैसे महत्वपूर्ण आंकड़ों के साथ ही यूरोप और चीन के मौद्रिक नीति फैसलों और प्रमुख आर्थिक संकेतकों पर भी नजर रखेंगे। इनसे वैश्विक ब्याज दरों की दिशा को लेकर संकेत मिल सकते हैं।
पश्चिम एशिया में और भी ज्यादा गंभीर हुए हालात
एक्सपर्ट्स ने कहा कि अमेरिका से जुड़े ठिकानों पर हमलों के बाद अमेरिकी सेना ने रविवार को ईरान के खिलाफ नए हवाई हमले किए, जिससे पहले से तनावपूर्ण पश्चिम एशिया की स्थिति और गंभीर हो गई है।
अमेरिका और ईरान के बीच विवाद पर रहेगा बाजार का ध्यान
जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड में कमोडिटी और करेंसी रिसर्च के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट प्रणव मेर ने कहा, “महीने के अंत में होने वाली अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मीटिंग से पहले सोने में गिरावट का दौर जारी है। हालांकि, बाजार का ध्यान अमेरिका और ईरान के बीच विवाद पर बना रहेगा।”
MCX पर बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए थे सोना और चांदी
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अगस्त की डिलीवरी वाले सोने का वायदा भाव पिछले हफ्ते 2,572 रुपये यानी करीब 2 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1.40 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। वहीं, सितंबर की डिलीवरी वाली चांदी 6,261 रुपये यानी 2.8 प्रतिशत टूटकर 2.16 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई।
प्रॉफिट बुकिंग को प्राथमिकता दे रहे हैं कारोबारी
एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट (रिसर्च एनालिस्ट-कमोडिटी और करेंसी) जतिन त्रिवेदी ने कहा कि मजबूत अमेरिकी डॉलर, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और लंबे समय तक ब्याज दरें ऊंची बने रहने की संभावना के कारण सोने में गिरावट का दौर जारी रहा। उन्होंने कहा कि सोने में हर तेजी पर नई बिकवाली देखने को मिली, जिससे संकेत मिलता है कि कारोबारी नई खरीदारी करने के बजाय प्रॉफिट बुकिंग को प्राथमिकता दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि रुपये में मामूली सुधार से भी सोने को ज्यादा बल नहीं मिला, क्योंकि मजबूत डॉलर का दबदबा बना रहा।
कॉमेक्स पर चांदी के भाव में 6.4 प्रतिशत की भारी गिरावट
वैश्विक बाजार में पिछले हफ्ते कॉमेक्स सोना वायदा 95 डॉलर यानी 2.3 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,018.8 डॉलर प्रति औंस रह गया। वहीं, न्यूयॉर्क में चांदी करीब 4 डॉलर यानी 6.4 प्रतिशत टूटकर 56.32 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई।
ये भी पढ़ें






































