नई दिल्लीः देश के कई हिस्सों में झमाझम का दौर रविवार को भी जारी रहेगी। मौसम विभाग ने ओडिशा में रेड अलर्ट तो और राजस्थान में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हरियाणा-पंजाब में भी रविवार को तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल तट पर कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान है।
ओडिशा में भारी बारिश का रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने ओडिशा के छह जिलों के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। कटक, जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, भद्रक, जाजपुर और क्योंझर ज़िलों में भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। कटक, क्योंझर, ढेंकनाल और अंगुल ज़िलों के लिए भारी बारिश का ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पुरी सहित 16 अन्य ज़िलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। बहुत ज़्यादा बारिश से पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और निचले इलाकों में अचानक बाढ़ आ सकती है।
मौसम विभाग भुवनेश्वर की निदेशक मनोरमा मोहंती ने बताया अगले 24 घंटों के दौरान कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश के साथ-साथ आंधी-तूफान, बिजली गिरने का अनुमान है। इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। कटक, क्योंझर, ढेंकनाल और अंगुल ज़िलों के लिए भारी बारिश का ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पुरी सहित 16 अन्य ज़िलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
राजस्थान के जालोर और सिरोही ज़िलों में रविवार को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। बीकानेर, अजमेर, कोटा, जयपुर और भरतपुर डिवीज़न के कुछ हिस्सों में भी मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। राज्य के बाकी हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने बताया कि राजस्थान में 27 जुलाई तक मानसून के सक्रिय रहने की संभावना है, जिसके बाद 28 जुलाई से बारिश की गतिविधि कम हो सकती है।
हिमाचल में ऑरेंज अलर्ट
वहीं, हिमाचल प्रदेश में शनिवार को मूसलाधार बारिश के कारण हुए भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ से 134 सड़कें बंद रहीं। वहीं, मौसम विभाग ने 28 से 30 जुलाई तक राज्य के चार जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। शिमला मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार सुबह तक चंबा, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के कुछ हिस्सों में अचानक बाढ़ के खतरे की चेतावनी दी है।
इन राज्यों में भी भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 26 जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुज़फ़्फ़राबाद में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
(एएनआई-पीटीआई इनपुट के साथ)
ये भी पढ़ेंः दिल्ली-NCR में होगी भारी बारिश या उमस भरी गर्मी करेगी परेशान? IMD ने बताया अगले 3 दिन तक कैसा रहेगा मौसम







































