मंगलवार को सुबह गुजरात के वलसाड में एक बड़ा रेल हादसा टल गया। विरार से भरूच जा रही ट्रेन नंबर- 19101, विरार-भरूच मेमू ट्रेन भिलाड रेलवे स्टेशन पहुंचते समय पटरी से उतर गई। इस हादसे में ट्रेन के DMC (ड्राइविंग मोटर कोच) के अगले 4 पहिए पटरी से उतर गए। पटरी से उतरने के बाद ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों में हड़कंप मच गया। हादसे के बाद इस ट्रेन को भिलाड में ही शॉर्ट टर्मिनेट कर दिया गया है। पश्चिम रेलवे ने बताया कि हादसे का शिकार हुई ये ट्रेन भिलाड में ही अपनी यात्रा समाप्त करेगी और आगे नहीं जाएगी। यानी, ये ट्रेन भिलाड से भरूच तक आंशिक रूप से रद्द कर दी गई है।
मंगलवार को सुबह 6.27 बजे हुआ हादसा
पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल डिवीजन के अधिकारियों ने बताया कि इस पूरे हादसे में किसी भी यात्रा, रेल कर्मचारी या आम लोगों के हताहत होने या घायल होने की खबर नहीं है। अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, ये पूरा हादसा मंगलवार को सुबह 06.27 बजे हुआ। पश्चिम रेलवे ने हादसे के तुरंत बाद ट्रेन को पटरी पर दोबारा लाने का काम शुरू कर दिया है।
हादसे की वजह से कुछ ट्रेनों के समय में किया गया बदलाव
इस घटना की वजह से मुंबई-अहमदाबाद रूट पर रेल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल डिवीजन द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक 4 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। मुंबई सेंट्रल डिवीजन ने इन चारों ट्रेन की डिटेल्स शेयर की हैं।
- 28 जुलाई को चलने वाली ट्रेन नंबर- 19015, दादर-पोरबंदर एक्सप्रेस 09.30 बजे के बजाय अब 10:30 बजे प्रस्थान करेगी।
28 जुलाई को चलने वाली ट्रेन नंबर- 09055, बांद्रा टर्मिनस-उधना एक्सप्रेस 09.00 बजे के बजाय अब 10:00 बजे प्रस्थान करेगी।
28 जुलाई को चलने वाली ट्रेन नंबर- 59045, मुंबई सेंट्रल-वापी एक्सप्रेस 09.55 बजे के बजाय अब 10:55 बजे प्रस्थान करेगी।
28 जुलाई को चलने वाली ट्रेन नंबर- 09001, मुंबई सेंट्रल-बाड़मेर स्पेशल ट्रेन 10.30 बजे के बजाय 11:30 बजे प्रस्थान करेगी।
पश्चिम रेलवे ने इस रूट से होकर जाने वाले सभी यात्रियों से ट्रेन का करेंट स्टेटस चेक करने की अपील की है, ताकि उन्हें किसी भी तरह की समस्या का सामना न करना पड़े। पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले NTES पोर्टल या 139 पर कॉल कर अपनी ट्रेन का करेंट स्टेटस मालूम कर लें।
ये भी पढ़ें
झांसी से होकर गुजरने वाली 6 ट्रेनों को किया गया रद्द, रेलवे ने बताई वजह- चेक करें डिटेल्स






































