6:55 AM (IST)
Aug 15, 2026
मल्लिकार्जुन खरगे ने दी स्वतंत्रता दिवस की बधाई
कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने भी सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। एक्स पर खरगे ने लिखा, ”राष्ट्रीय आंदोलन में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों को हम विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। पिछले 79 वर्षों की हमारी यात्रा अनेक उपलब्धियों, संघर्षों और संकल्पों की यात्रा रही है। हमने बहुत कुछ हासिल किया है, लेकिन एक राष्ट्र के रूप में अभी बहुत कुछ हासिल करना बाकी है।
हमारे लिए स्वतंत्रता केवल अंग्रेज़ी हुकूमत से मुक्ति नहीं है। यह संविधान से मिला वह भरोसा है, जो हर भारतीय को समानता, सम्मान, न्याय और अपनी बात कहने का अधिकार देता है। यही हमारे लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति और हर नागरिक का सबसे मजबूत सुरक्षा कवच है। बीते एक दशक में हमारे संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक संस्थाओं और सामाजिक सद्भाव के सामने कई चुनौतियां खड़ी हुई हैं। युवाओं के सपनों को अवसर चाहिए, किसानों की मेहनत को सम्मान और न्याय चाहिए, महिलाओं को समान अधिकार और सशक्त भागीदारी चाहिए। दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को संविधान में निहित समानता और न्याय का पूरा अधिकार मिलना चाहिए।
इस स्वतंत्रता दिवस पर हमारा सबसे बड़ा संकल्प उम्मीद है। उम्मीद हमारे युवाओं की बुलंद आवाज़ में है, किसानों के परिश्रम में है, महिलाओं के साहस में है और करोड़ों भारतीयों के उस विश्वास में है कि हम मिलकर हर चुनौती का सामना कर सकते हैं और देश को सही दिशा दे सकते हैं। आइए, ऐसी आज़ादी की रक्षा करें जिसमें हर आवाज़ को सम्मान मिले, हर सपने को अवसर मिले और हर भारतीय को आगे बढ़ने का समान अधिकार मिले।






































