नेपाल में आई भीषण फ्लैश फ्लड ने तबाही मचा दी है। इस प्राकृतिक आपदा के बाद सैंकड़ों लोगों के मारे जाने की सूचना है। इस बीच, ओडिशा के खुर्दा से नेपाल घूमने गए एक दंपति के लापता होने की खबर ने चिंता बढ़ा दी है।
लापता दंपति की पहचान संदीप महापात्र और सिद्धार्थी साहू के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से खुर्दा जिले के रहने वाले हैं। बताया गया है कि वे वर्ष 2018 से ऑस्ट्रेलिया में रह रहे हैं और घूमने के लिए नेपाल पहुंचे थे। जानकारी के अनुसार, संदीप महापात्र और सिद्धार्थी साहू नेपाल की राजधानी काठमांडू घूमने के लिए गए थे। दोनों 22 अगस्त 2026 को नेपाल पहुंचे थे।
दोनों के मोबाइल हैं बंद
ओडिशा सरकार के अनुसार, फिलहाल दोनों के मोबाइल फोन बंद हैं और अधिकारियों के पास उनके वर्तमान ठिकाने को लेकर कोई जानकारी नहीं है। कथित तौर पर उनकी आखिरी जीपीएस लोकेशन एक इमिग्रेशन ऑफिस के पास बताई गई है। दंपति के बारे में जरूरी जानकारी संदीप महापात्र के परिजनों से जुटाई गई है। यह जानकारी भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के साथ शेयर कर दी गई है, ताकि संबंधित एजेंसियां उनकी तलाश में मदद कर सकें।
खोज और बचाव अभियान जारी
लापता दंपति का पता लगाने के लिए खोज और बचाव अभियान जारी है। अधिकारी उनकी सुरक्षा का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। नई दिल्ली स्थित चीफ रेजिडेंट कमिश्नर कार्यालय भी पूरे मामले पर नजर रख रहा है और संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय कर रहा है। अधिकारियों की कोशिश है कि नेपाल में मौजूद ओडिशा के नागरिकों की स्थिति का पता लगाया जाए और जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित निकालने की व्यवस्था की जाए।
लापता दंपति की पहचान संदीप महापात्र और सिद्धार्थी साहू के रूप में हुई है।
ओडिशा के अन्य लोगों के सुरक्षित होने की पुष्टि
इस बीच, राहत की बात यह है कि नेपाल गए ओडिशा के अन्य कुछ लोगों के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है। पुरी के रहने वाले राकेश कुमार पांडा दो अन्य लोगों के साथ नेपाल गए थे। जानकारी के मुताबिक, तीनों सुरक्षित हैं। उन्होंने रक्सौल बॉर्डर पोस्ट पार कर लिया है और अब भारत लौट रहे हैं।
ओडिशा के छह फुटबॉल खिलाड़ियों की टीम
एक अन्य मामले में ओडिशा के छह फुटबॉल खिलाड़ियों की टीम नेपाल गई थी। ये खिलाड़ी पोखरा में एक फुटबॉल मैच में हिस्सा लेने के लिए गए थे। टीम के साथ उनके कोच हलीम भी मौजूद हैं। ओडिशा सरकार ने पुष्टि की है कि टीम के सभी छह खिलाड़ी और टीम के सदस्य नेपाल में सुरक्षित हैं। उनकी स्थिति को लेकर फिलहाल किसी तरह की चिंता की जानकारी नहीं है।
नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन के कारण पैदा हुए संकट के बीच ओडिशा सरकार और संबंधित अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं। सरकार का कहना है कि नेपाल में मौजूद ओडिशा के लोगों की सुरक्षा को लेकर संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय किया जा रहा है। लापता दंपति संदीप महापात्र और सिद्धार्थी साहू को लेकर भी तलाश जारी है। अधिकारियों की कोशिश है कि जल्द से जल्द दोनों की स्थिति और लोकेशन का पता लगाया जा सके।
(रिपोर्ट- शुभम कुमार)
ये भी पढ़ें-
भालुओं को मार रहा जापान! अब तक 14,000 को मार डाला, आखिर क्यों?
मणिपुर के कांगपोकपी में उग्रवादियों का बड़ा हमला, 4 लोगों की मौत, 1 लापता






































