बांग्लादेश के कुतुपालोंग शरणार्थी शिविर से अवैध तरीके से भारत लाकर शादी कराने के लिए ले जाई जा रही म्यांमार की चार युवतियों को ग्वालियर जीआरपी ने बरामद किया है। मामले में मानव तस्करी से जुड़े दो म्यांमार नागरिकों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए सभी छह विदेशी नागरिक भारत में अवैध रूप से प्रवेश कर रह रहे थे। बरामद युवतियों में दो के नाबालिग होने की बात सामने आई है।
जीआरपी कंट्रोल रूम भोपाल से सूचना मिली थी कि ट्रेन नंबर 12643 स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस के जनरल कोच में म्यांमार का एक संदिग्ध युवक यात्रा कर रहा है। सूचना में बताया गया था कि युवक अवैध रूप से युवतियों को भारत लाकर उनकी शादी कराने वाले नेटवर्क से जुड़ा है।
सूचना के आधार पर जीआरपी थाना प्रभारी दीपशिखा सिंह तोमर ने टीम के साथ ट्रेन में चेकिंग अभियान चलाया। हुलिए के आधार पर पुलिस ने मुबीन (25), निवासी म्यांमार और हाल निवासी हैदराबाद, को हिरासत में लिया। उसके साथ कुछ युवतियां भी मिलीं।
अलीगढ़ के किराए के मकान तक पहुंची पुलिस
पूछताछ में मुबीन ने पुलिस को बताया कि उसका साथी मोहम्मद हसन (35), निवासी म्यांमार, कुछ युवतियों के साथ उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में किराए के मकान में रुका हुआ है। सूचना की पुष्टि के बाद जीआरपी टीम ने अलीगढ़ में दबिश दी और मोहम्मद हसन के कब्जे से युवतियों को बरामद किया। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में कुल चार युवतियां दस्तयाब की गईं। इनमें दो के नाबालिग होने की जानकारी सामने आई है।
गूगल ट्रांसलेटर के जरिए हुई पूछताछ
युवतियों को केवल रोहिंग्या और स्थानीय भाषा का ज्ञान होने के कारण पुलिस को पूछताछ में भाषा संबंधी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बाद पुलिस ने गूगल ट्रांसलेटर और द्विभाषी व्यक्ति की मदद से युवतियों से बातचीत की और उनके बयान दर्ज किए।
पूछताछ में सामने आया कि युवतियों को बांग्लादेश के कुतुपालोंग रिफ्यूजी कैंप से उनके माता-पिता की सहमति का हवाला देकर नदी और पहाड़ों के दुर्गम रास्तों से अवैध रूप से भारतीय सीमा में दाखिल कराया गया था। आरोपी इनकी शादी जम्मू और श्रीनगर में कराने की योजना बना रहे थे। पुलिस के अनुसार, यह मानव तस्करी का संगठित नेटवर्क का हो सकता है, जो शरणार्थी शिविरों से युवतियों को बहला-फुसलाकर भारत लाता है और शादी के नाम पर उनकी तस्करी करता है।
पुलिस ने सभी 6 विदेशी नागरिकों को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। नाबालिग युवतियों को नियमानुसार संरक्षण में रखा गया है। जीआरपी का कहना है कि आरोपियों से मिले दस्तावेज और पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
(रिपोर्ट- भूपेंद्र भदौरिया)
ये भी पढ़ें-
असम में पाकिस्तान से खुफिया संपर्क के आरोप में 2 गिरफ्तार, रिटायर्ड सेना जवान भी शामिल
दिल्ली में BJP राज्यसभा सांसद के घर चोरी, बाथरूम की टोंटी और गटर का ढक्कन भी ले गए चोर







































