असम के दरांग जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां दुर्गा पूजा पंडालों में दर्शन करने के बाद लौटते समय एक कार ट्रक में घुस गई। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। आनन-फानन में चार घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां एक व्यक्ति की बाद में मौत हो गई। फिलहाल तीन अन्य घायलों का इलाज चल रहा है।
ट्रक में घुस गई कार
पुलिस ने बताया कि असम के दरांग जिले में दुर्गा पूजा पंडालों से लौटते समय यह हादसा हुआ। यहां एक कार की ट्रक से टक्कर हो गई, जिससे तीन युवकों की मौत हो गई। इस हादसे में तीन अन्य घायल भी हो गए हैं। पुलिस ने बताया कि यह हादसा एनएच-15 पर धुला के सरकार चारियाली में आधी रात के आसपास हुई, जब सेडान ने तेजपुर जा रहे एक मालवाहक ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी।
पूजा पंडाल से लौट रहे थे लोग
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि कार में छह लोग सवार थे जो खारूपेटिया के रहने वाले थे। ये सभी लोग मंगलदाई कस्बे में पूजा पंडालों से लौट रहे थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार घायलों को अस्पताल ले जाया गया। उनमें से एक ने बाद में दम तोड़ दिया।
तीन युवकों की हुई मौत
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान अंकुश दास, प्रीतम दास और मिथुन साहू के रूप में हुई है, जो सभी खारूपेटिया के वार्ड 7 के निवासी थे। उन्होंने बताया कि अंकुश और प्रीतम एक ही परिवार के थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायल सागर साहा, गणेश दास और सोनाई सरकार को बेहतर इलाज के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (जीएमसीएच) में भर्ती कराया गया है।
यूपी के बलरामपुर में हादसा
ऐसा ही एक अन्य हादसा यूपी के बलरामपुर जिले में भी सामने आया। बलरामपुर जिले में दुर्गा पूजा पंडाल के पास पर्दे पर वीडियो देख रहे लोगों को एक कार से रौंद दिया था। कार की टक्कर से सात लोग घायल हो गए थे, जिनमें से तीन की मौत हो गई। वहीं चार अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस ने आरोपी कार चालक को भी हिरासत में ले लिया है। (इनपुट- PTI)
यह भी पढ़ें-
भीलवाड़ा में एक्सप्लोसिव लदी पिकअप में हुआ जोरदार धमाका, ड्राइवर की मौत, कई मकान क्षतिग्रस्त






































