जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ 21 अक्टूबर को खुला था और 23 अक्टूबर को बंद हो गया। जियो प्लेटफॉर्म्स आईपीओ को निवेशकों का दमदार रिस्पॉन्स मिला। एनएसई के डेटा के मुताबिक, इस आईपीओ को 22.19 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। बताते चलें कि रिलायंस इंडस्ट्रीज की सब्सिडरी कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स अपने आईपीओ से 30,213 करोड़ रुपये जुटाने जा रही है। इस आईपीओ में 27 करोड़ नए शेयर जारी किए जाएंगे।
जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ पूरी तरह से नए शेयरों पर आधारित
जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ पूरी तरह से नए शेयरों पर आधारित है। आईपीओ में 27 करोड़ नए शेयर जारी किए जाएंगे। इस आईपीओ में ओएफएस का कोई हिस्सा नहीं है। यानी, इस आईपीओ में कंपनी के मौजूदा शेयरधारकों ने अपनी हिस्सेदारी का कोई हिस्सा नहीं बेचा।
निवेशकों को 1119 रुपये के भाव पर अलॉट किए जाएंगे शेयर
जियो प्लेटफॉर्म्स ने अपने आईपीओ के तहत, 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर के लिए 1065-1119 रुपये का प्राइस बैंड फिक्स किया था। हालांकि, आईपीओ पूरी तरह से सब्सक्राइब हो चुका है तो अब निवेशकों को 1119 रुपये के भाव पर शेयर अलॉट किया जाएगा। जियो ने अपने कर्मचारियों को प्रत्येक शेयर पर 54 रुपये का डिस्काउंट दिया है, इसलिए कर्मचारियों को 1065 रुपये के भाव पर शेयर दिए जाएंगे।
28 अक्टूबर को बीएसई और एनएसई पर लिस्ट होगी कंपनी
आईपीओ बंद होने के बाद सोमवार, 26 अक्टूबर को शेयरों का अलॉटमेंट किया जाएगा। इसके ठीक अगले दिन, 27 अक्टूबर को निवेशकों के डीमैट अकाउंट में शेयर क्रेडिट कर दिए जाएंगे। जिन निवेशकों को शेयर अलॉट नहीं होंगे, उन्हें 27 अक्टूबर को ही रिफंड मिल जाएगा और अंत में बुधवार, 28 अक्टूबर को कंपनी घरेलू शेयर बाजारों बीएसई और एनएसई पर लिस्ट हो जाएगी।
250 रुपये पर पहुंचा जीएमपी प्राइस
आईपीओ के जीएमपी प्राइस ट्रैक करने वाली वेबसाइट investorgain.com के मुताबिक, 24 अक्टूबर को जियो प्लेटफॉर्म्स आईपीओ के शेयर ग्रे मार्केट में 250 रुपये (22.34 प्रतिशत) के जीएमपी (ग्रे मार्केट प्रीमियम) प्राइस के साथ ट्रेड कर रहे हैं। बताते चलें कि 20 अक्टूबर को जियो के शेयर 273 रुपये के जीएमपी के साथ ट्रेड कर रहे थे। हालांकि, लिस्टिंग के समय इसमें अभी काफी उतार-चढ़ाव भी हो सकता है।
डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले या वित्तीय जोखिम लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के जोखिम के लिए उत्तरदायी नहीं होगा।
ये भी पढ़ें
4 दिन में 2,07,87,74,28,00,000 रुपये स्वाहा, शेयर बाजार निवेशकों का निकला दिवाला









































