17 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

डायरेक्टर अनुराग कश्यप की नई फिल्म ‘निशानची’ 19 सितंबर 2025 को थिएटर्स में रिलीज होने वाली है। फिल्म में एक्टर विनीत कुमार सिंह मुख्य भूमिका में हैं।
फिल्म रिलीज से पहले, अनुराग कश्यप ने बताया कि उन्होंने यह फिल्म पहले दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत को ऑफर की थी, लेकिन सुशांत ने उन्हें जवाब देना बंद कर दिया, जब उन्होंने दो बड़ी फिल्में ‘दिल बेचारा’ और ‘ड्राइव’ साइन कर ली थीं।
गालट्टा प्लस से बातचीत में कश्यप ने कहा, “एक्टर्स को फिल्म में रुचि थी, लेकिन बात किसी के साथ नहीं बनी। मैंने कहा मैं इसे सही तरीके से बनाऊंगा। यह वही फिल्म थी, जिसे मैं कभी सुशांत के साथ बनाना चाहता था, लेकिन फिर उन्हें दो बड़ी फिल्में ‘दिल बेचारा’ और ‘ड्राइव’ मिल गईं। फिर मेरी फिल्म पीछे चली गई। फिर उन्होंने जवाब देना बंद कर दिया, तो मैं आगे बढ़ गया। फिल्म उनके साथ 2016 में घोषित हुई थी।”
सुशांत ने ‘हंसी तो फंसी’ छोड़ YRF का ऑफर स्वीकारा था: अनुराग
वहीं, NDTV से बात करते हुए कश्यप ने 2020 में कहा था कि सुशांत ने ‘हंसी तो फंसी’ छोड़ दी थी क्योंकि उन्हें YRF और धर्मा प्रॉडक्शंस से ऑफर मिले थे।
उन्होंने कहा था, “YRF ने उन्हें कहा, हम तुम्हें डील देंगे। तुम ‘शुद्ध देसी रोमांस’ कर सकते हो। सुशांत, जो मेरे ऑफिस में मुकेश छाबड़ा और हमारे साथ बैठते थे, उन्होंने YRF साइन किया और ‘हंसी तो फंसी’ छोड़ दी क्योंकि उन्हें YRF का वेलिडेशन चाहिए था। यह हर एक्टर के साथ होता है, इसलिए मैं कोई रंजिश नहीं रखता।”

‘हंसी तो फंसी’ को करण जौहर, अनुराग कश्यप, विक्रमादित्य मोटवाने और विकास बहल ने प्रोड्यूस किया था। इसमें सिद्धार्थ मल्होत्रा और परिणीति चोपड़ा लीड रोल में थे।
अनुराग कश्यप ने यह भी कहा था, “सालों पहले, 2016 में, फिल्म ‘एम.एस. धोनी’ रिलीज होने से पहले, मुकेश, सुशांत के पास गए और बोले- ‘अनुराग ने एक स्क्रिप्ट लिखी है, जिसमें यूपी से जुड़े किरदार के लिए एक्टर चाहिए। ‘धोनी’ रिलीज हुई, हिट हो गई और उसके बाद सुशांत ने मुझे कभी फोन नहीं किया। मुझे बुरा नहीं लगा, मैं आगे बढ़ गया और मैंने ‘मुक्केबाज’ बनाई।”

सुशांत को 14 जून 2020 को मुंबई के अपने अपार्टमेंट में मृत पाया गया था।
सुशांत सिंह राजपूत ने अपने करियर की शुरुआत टीवी शो ‘पवित्र रिश्ता’ से की थी। उन्होंने बॉलीवुड में 2013 में ‘काई पो चे!’ से डेब्यू किया।
इसके बाद उन्होंने ‘शुद्ध देसी रोमांस’ (2013), ‘पीके’ (2014) जैसी फिल्में की। उन्हें ‘एम.एस. धोनी’ (2016) में महेंद्र सिंह धोनी का किरदार निभाने के लिए जाना गया। इसके अलावा ‘केदारनाथ’ (2018), ‘छिछोरे’ (2019) और उनकी आखिरी फिल्म ‘दिल बेचारा ‘(2020) भी प्रमुख हैं।






































