28 मिनट पहलेलेखक: ईफत कुरैशी
- कॉपी लिंक

1 अप्रैल 2020 की बात है
शाम का वक्त था, रिवरडेल और द स्टोरी ऑफ विंपी किड जैसी बेहतरीन सीरीज और फिल्मों में नजर आ चुके पॉपुलर एक्टर रायन ग्रांथम बदहवास हालत में पुलिस स्टेशन पहुंचे और कहा-
मैंने अपनी मां की गोली मारकर हत्या कर दी।

पुलिस स्टेशन में चंद सेकेंड के लिए सन्नाटा पसर गया और फिर हलचल तेज हो गई।
रायन इतने नशे में थे कि उनकी बात पर यकीन करना बेहद मुश्किल था। पुलिस ने तुरंत उनसे पता मांगा और कनाडा के स्क्वामिश टाउन हाउस पहुंच गई। दरवाजा खोला तो मंजर भयावह था। लिविंग रूम के बीचो-बीच फर्श पर एक अधेड़ उम्र की महिला की लाश पड़ी थी। सिर से रिस रहा खून पूरी तरह जम चुका था और महिला के चारों तरफ पिघली हुई मोमबत्तियां थीं।
घर की हालत बेतरतीब थी। सामान बिखरा पड़ा था। पुलिस ने तुरंत लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजी और दूसरी तरफ 21 साल के रायन ग्रांथम को गिरफ्तार कर लिया। रायन मां के बाद कनाडियन प्राइम मिनिस्टर जस्टिन ट्रूडो और कई लोगों का कत्ल करना चाहते थे। जब उन्होंने मां की हत्या की वजह बताई तो उसे सुनकर हर कोई सन्न रह गया।
आज अनसुनी दास्तान के 3 चैप्टर में पढ़िए पॉपुलर एक्टर रायन ग्रांथम के कबूलनामे की हैरान कर देने वाली कहानी-

30 नवंबर 1998 को रायन ग्रांथम का जन्म कनाडा में हुआ था। वो चंद साल के ही थे, जब उनके पिता परिवार को छोड़कर चले गए, ऐसे में मां बारबरा ने अकेले उनकी और बहन की परवरिश की। रायन को बचपन से ही एक्टिंग का शौक था, तो मां ने उन्हें भरपूर सपोर्ट दिया और उन्हें एक्टिंग की ट्रेनिंग दिलवाई। महज 10 साल की उम्र में रायन को बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट अमेरिकन फिल्म ‘जंपर’ में एक छोटी सी भूमिका मिली। फिल्म में उनकी छोटी भूमिका में की गई दमदार एक्टिंग से लगातार बड़ी फिल्मों के ऑफर मिलने लगे, जिनमें ‘स्टॉर्म सेल्स’, ‘बैटल ऑफ द बल्ब’, ‘गॉब्लिन’, ‘एल्टीट्यूड’ जैसी फिल्में शामिल रहीं।

डायरी ऑफ ए विंपी किड में रायन ग्रांथम।
साल 2010 में महज 12 साल की उम्र में रायन को फिल्म ‘डायरी ऑफ ए विंपी किड’ से अमेरिका में पॉपुलैरिटी मिल गई। आगे वो ‘आई जॉम्बी’, ‘फॉलिंग स्काय्ज’, ‘परफेक्ट हाई’, ‘सुपरनैचुरल’ सीरीज में भी नजर आए।
आखिरी बार उन्हें 2019 की सुपरहिट सीरीज “रिवरडेल” में देखा गया था। बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट तो रायन ने काफी पॉपुलैरिटी हासिल की, लेकिन बढ़ती उम्र के साथ उनका फिल्म इंडस्ट्री में बना रहना मुश्किल होने लगा। काम की कमी होने लगी, जिससे वो काफी परेशान रहने लगे थे।

पॉपुलर सीरीज रिवरडेल में रायन ने जेफरी का किरदार निभाया था।
ज्यादातर फिल्मों में व्यस्त रहने के चलते न ही उनके दोस्त थे और न ही कोई खास सोशल लाइफ थी। वो कॉलेज से भी ड्रॉप आउट हो चुके थे। वो अपना सारा गुस्सा पर्सनल डायरी में लिख दिया करते थे। इस बात का खुलासा मां की हत्या के बाद हुई छानबीन में मिली डायरी से हो सका। डायरी के कई पन्नों में रायन ने खुदकुशी के ख्याल आने की भी बात लिखी थी। साथ ही उसने सीरियल किलर बनने और लोगों की जान लेने के बारे में भी कई बातें लिखी थीं, जो उनकी बिगड़ी हुई मानसिक स्थिति को साफ दर्शाती थीं।
बढ़ते डिप्रेशन और एंग्जाइटी की आड़ में रायन नशे के आदी हो चुके थे। वो आए दिन घर में छिपकर नशा किया करते थे, जिससे उनकी मेंटल हेल्थ और बिगड़ती जा रही थी।

31 मार्च 2020 की बात है
ये वो दिन था, जब रायन की जिंदगी हमेशा के लिए बदलने वाली थी। रायन सुबह अपने कमरे में थे और मां घर के कामों में व्यस्त थीं। उन्होंने कमरे में ही नशा करना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद वो होश खो बैठे और उन्होंने एक क्राइम थ्रिलर सीरीज की तरह .22 कैलिबर राइफल उठाई और उसे लोड कर लिया। कुछ देर बाद उन्होंने राइफल अनलोड की और यही वो बार-बार दोहराते रहे। कुछ देर बाद वो निशाना लगाने की प्रैक्टिस करने लगे। वो एक गन क्लब के मेंबर थे और बेहतरीन शूटर थे। उनके पास कई राइफल-गन मौजूद थीं। लेकिन इसके बावजूद उन्होंने इस घटना से ठीक पहले एक नई गन खरीदी थी।
कुछ देर तक पिस्तौल से निशाने की प्रैक्टिस करने के बाद रायन कमरे के बाहर सीढ़ियों पर बैठ गए। वो 15 मिनट तक ये तय करते रहे कि आखिर उन्हें करना क्या है। इसके बाद वो हल्के कदमों के साथ ग्राउंड फ्लोर के लिविंग रूम में पहुंचे। उन्होंने देखा कि मां सामने बैठीं पियानो बजा रही हैं। रायन की तरफ मां बारबरा की पीठ थी। इससे पहले वो बेटे की आहट महसूस कर पातीं, रायन ने उनके सिर पर निशाना साधा और शूट कर दिया। गोली लगते ही मां बेसुध फर्श पर गिर पड़ीं। गिरते हुए उन्होंने अपने बेटे को देखा था।

मौत के समय बारबरा की उम्र 64 साल थी।
सिर से बह रहा खून फर्श पर हर तरफ फैलने लगा, लेकिन रायन को तब भी न पछतावा हुआ न ही उसने मां से कोई सहानुभूति दिखाई। चंद सेकेंड में ही मां की सांसें थम गईं। कुछ देर बाद रायन ने अपना गो प्रो कैमरा उठाया और मां की लाश के साथ व्लॉग बनाना शुरू कर दिया। ये व्लॉग कम रायन का कन्फेशन ज्यादा था। उसने कैमरे में सबसे पहले मां की खून से लथपथ लाश दिखाई और कहा-
“I shot her in the back of the head and the moments after she would have known it was me” (मैंने उनके सिर में पीछे से गोली मारी और ठीक उस पल के बाद उन्हें यह मालूम हो गया कि यह मैं ही था।)

ये व्लॉग पूरे 4 मिनट का था, जिसमें रायन बार-बार अपनी मां की लाश दिखाए जा रहे थे। कुछ देर बाद वो मार्केट गए और बीयर खरीद लाए। एक सामान्य दिन की तरह वो घर आए, कार पार्क की और घर आकर लिविंग रूम में ही कॉकटेल बनाकर पीने लगे। वो देर रात तक नशा करने के बाद लाश को उसी हालत में छोड़कर सोने के लिए बेडरूम चले गए।
अगली सुबह उनकी नींद खुली तो वो फिर लिविंग रूम में आकर नशा करने लगे। दोपहर में उन्होंने मां की लाश के पास कुछ कैंडल्स जलाईं और चारों ओर रखकर लाश एक शीट से ढंक दी। थोड़ी देर मां के पास बैठने के बाद रायन और नशा करने लगे। नशे में उन्होंने कनाडा के प्राइम मिनिस्टर जस्टिन ट्रूडो का कत्ल करने का फैसला किया और ओटावा के रिड्यू कॉटेज की तरफ ड्राइव करने लगे।
रास्ते में उन्होंने सिमोन फ्रेसर यूनिवर्सिटी में घुसकर अंधाधुन फायरिंग करने का फैसला किया और उसी दिशा में ड्राइव करने लगा। यही वो यूनिवर्सिटी थी, जहां कभी रायन ने दाखिला लिया था, लेकिन पढ़ाई पूरी नहीं की थी। इसके अलावा उन्होंने लायन्स गेट ब्रिज और वहां के आसपास के इलाके में भी लोगों की हत्या करने का फैसला किया। करीब 300 किलोमीटर ड्राइव करने के बाद वो दिशाहीन हो गए। और फिर अचानक उन्होंने पुलिस स्टेशन जाकर सरेंडर कर दिया।

रायन के कन्फेशन और सबूतों के आधार पर उन पर फर्स्ट डिग्री मर्डर के चार्जेस लगे। उनके लिए केस लड़ रहे वकीलों ने उसकी मानसिक स्थिति को इस कत्ल के लिए जिम्मेदार ठहराया और ये भी कहा कि रायन की 21 साल की कम उम्र पर भी तवज्जो दी जाए। रायन के कमरे से मिली डायरी से साफ था कि वो बीते कई महीनों से कई कत्ल करने की साजिश रच रहे थे। इस केस में मनोचिकित्सक को भी शामिल किया गया।
रायन ने कोर्ट में कहा कि उन्होंने सबसे पहले कनाडा के प्राइम मिनिस्टर जस्टिन ट्रूडो को मारने का प्लान बनाया था। उन्हें लगा कि इस कत्ल के बाद सोसाइटी और पुलिस उनकी मां के साथ बुरा सलूक करेंगे। ऐसे में उन्हें इस दर्द और तकलीफ से बचाने के लिए उन्होंने सबसे पहले मां का ही कत्ल कर दिया।
रायन ने कोर्ट में कहा-
“मैं अपने किए को न तो जस्टिफाई कर सकता हूं और न ही उसे सही ठहरा सकता हूं। मेरे पास कोई बहाना नहीं है। यह सोचकर मुझे बहुत दुख होता है कि मैंने अपनी जिंदगी कितनी बुरी तरह बर्बाद कर दी है। इतनी भयावह घटना के सामने, माफी मांगना फिजूल लगता है। लेकिन मैं अपने पूरे अस्तित्व से माफी मांगता हूं।”

लंबी ट्रायल के बाद साल 2023 में रायन को फर्स्ट डिग्री मर्डर की बजाय सेकेंड डिग्री मर्डर का दोषी करार करते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई गई। वो भी 14 साल के पैरोल के बिना।
फैसले के दिन ग्रांथम ने अपने आखिरी स्टेटमेंट में कहा-
“अगर मैं कभी जेल से रिहा हुआ, तो मुझे उम्मीद है कि मैं खुद को बेहतर बनाने के इस रास्ते पर आगे बढ़ता रहूंगा।”


रायन ग्रांथम को जेल में साइकाइट्रिक ट्रीटमेंट भी दिया जा रहा है।
……………………………………………………………………
फिल्मी हस्तियों और सेलिब्रिटीज से जुड़ी ये अनसुनी दास्तानें भी पढ़िए-
सूटकेस में सड़ी मिली थी रूसी मॉडल की लाश:पुतिन को कहा था साइको; 3 दिन लाश के साथ सोया कातिल, सालभर गैराज में रखी बॉडी

रशियन मॉडल ग्रेटा वेडलर, जिनकी लाश मौत के एक साल बाद एक सूटकेस में सड़ी मिली थी। इससे भी वीभत्स ये रहा कि कत्ल के बाद कातिल तीन दिनों तक लाश के साथ एक ही कमरे में सोता रहा। आगे पढ़िए…
BA पास एक्ट्रेस, जिसने अपना ही गला काटा:वो खून से लथपथ तड़पती रही, दोस्त वीडियो बनाने में लगी थी; आखिरी शब्द थे- मर्दों की गलती

मॉडल शिखा जोशी फर्श पर खून से लथपथ तड़प रही थी। गला काटा था और हर तरफ खून ही खून था। सफेद टाइल्स वाला बाथरूम सुर्ख लाल हो चुका था। साथ रहने वाली फ्लैटमेट मधू को कुछ समझ नहीं आया और उसने झट से मोबाइल निकाला और वीडियो बनाना शुरू कर दिया। आगे पढ़िए…







































