16 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

फिल्ममेकर हंसल मेहता की नई वेब सीरीज ‘गांधी’ का प्रीमियर अगले महीने टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (TIFF) में होना है, लेकिन इवेंट से सिर्फ 10 दिन पहले उन्हें वीजा को लेकर परेशानी हुई।
बुधवार को हंसल मेहता ने बताया था कि वह और उनकी टीम अभी तक कनाडा वीजा का इंतजार कर रहे हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मदद मांगते हुए लिखा, “क्या कोई दिल्ली स्थित कैनेडियन हाई कमीशन में वीजा को लेकर मदद कर सकता है? हम अपने वर्ल्ड प्रीमियर से सिर्फ 10 दिन दूर हैं और अभी तक वीजा नहीं मिला। पासपोर्ट भेजे हुए करीब 3 हफ्ते हो चुके हैं।”

हालांकि, इस ट्वीट के बाद हंसल मेहता को आखिरकार कनाडा वीजा मिल गया है। आज वीजा मिलने पर उन्होंने कहा, “वीजा मिल गया! उन सभी का शुक्रिया जिन्होंने मुझसे संपर्क किया और मदद की पेशकश की।”
बता दें कि कुछ समय पहले हंसल ने सीरीज को लेकर अपडेट भी दिया था। उन्होंने बताया था कि ‘गांधी’ TIFF के प्राइम टाइम स्लॉट में चुनी जाने वाली पहली भारतीय सीरीज है।

प्रतीक गांधी की सीरीज ‘गांधी’ को एप्लाज एंटरटेनमेंट ने प्रोड्यूस किया है।
उन्होंने लिखा था, “एक साहसिक सपना, जो विश्वास और मेहनत से बना, अब दुनिया के सामने है। गांधी का वर्ल्ड प्रीमियर टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2025 में होगा। यह पहली भारतीय सीरीज़ है जिसे TIFF के प्राइमटाइम स्लेट में जगह मिली है। फेस्टिवल के 50वें साल में यह कहानी यहां दिखाई जाएगी, जो एक साथ व्यक्तिगत और सार्वभौमिक है।”
हंसल मेहता द्वारा डायरेक्ट की इस सीरीज में प्रतीक गांधी लीड रोल में हैं। इससे पहले भी दोनों ‘स्कैम 1992’ में साथ काम कर चुके हैं। यह सीरीज लोगों को बहुत पसंद आई थी।

हंसल मेहता ने अपना करियर टीवी शो ‘खाना खजाना’ से शुरू किया।
हंसल मेहता ने करियर की शुरुआत में ‘दिल पे मत ले यार!!’ (2000), ‘ये क्या हो रहा है?’ (2002) और ‘वुडस्टॉक विला’ (2008) जैसी फिल्में बनाई।
उन्हें पहचान फिल्म ‘शाहिद’ (2013) से मिली, जिसके लिए उन्हें नेशनल फिल्म अवॉर्ड बेस्ट डायरेक्शन मिला। इसके बाद उन्होंने स्कैम और स्कूप जैसी सीरीज से ओटीटी की दुनिया में नाम कमाया। उनकी हाल की फिल्म ‘फराज’ (2023) को फिल्मफेयर क्रिटिक्स अवॉर्ड के लिए नॉमिनेशन मिला।







































