भारत के शेयर बाजार के लिए आज का दिन बेहद खास है। मुकेश अंबानी की कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स (Jio Platforms) आज शेयर बाजार में कदम रखने जा रही है। कंपनी की लिस्टिंग पर निवेशकों से लेकर बाजार के जानकारों तक की नजरें टिकी हैं। सुबह 10 बजे नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर कंपनी के शेयरों की ट्रेडिंग शुरू होने की उम्मीद है। इस लिस्टिंग के साथ ही देश के प्राथमिक शेयर बाजार में एक नया अध्याय जुड़ जाएगा। बता दें कि जियो प्लेटफॉर्म्स ने अपने आईपीओ के जरिए ₹30,213 करोड़ जुटाए हैं, जिससे यह इश्यू आकार के लिहाज से भारत का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ बन गया है। इस इश्यू को निवेशकों की अलग-अलग कैटेगरी से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। आईपीओ के ऊपरी प्राइस बैंड पर कंपनी की वैल्यूएशन करीब ₹10.3 लाख करोड़ यानी 108.3 अरब डॉलर आंकी गई है। इतनी बड़ी वैल्यूएशन के साथ जियो की बाजार में एंट्री को इस साल की सबसे चर्चित कारोबारी घटनाओं में गिना जा रहा है।





































