ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने रविवार, 1 नवंबर को पेट्रोल और डीजल के साथ-साथ एलपीजी सिलेंडर की ताजा कीमतें जारी कर दी हैं। ये नई कीमतें आज से ही लागू होंगी। आम आदमी के लिए सबसे राहत की बात ये है कि ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने कच्चे तेल की ऊंची कीमतों में बावजूद पेट्रोल, डीजल और घरों में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलो के घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की है। हालांकि, 19 किलो वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर महंगा हो गया है।
19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 10 रुपये की बढ़ोतरी
राजधानी दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 10 रुपये बढ़ाई गई है। जिससे अब इसकी कीमत 2810 रुपये से बढ़कर 2820 रुपये हो गई है। बताते चलें कि 19 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर का सिर्फ कमर्शियल यूज होता है। इसे होटलों, रेस्टॉरेंट, ढाबों आदि में इस्तेमाल किया जाता है। बताते चलें कि कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी जारी है। इससे पहले, 1 अक्टूबर को भी 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 62.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी।
14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई नया बदलाव नहीं
इस बीच, आम आदमी को काफी राहत है। ईरान और अमेरिका के बीच शुरू हुए युद्ध के बाद ही घरेलू एलपीजी सिलेंडर में बढ़ोतरी की गई थी। उसके बाद से ही 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतें स्थिर हैं।
आम आदमी को बड़ी राहत, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों में बावजूद स्थिर रखी गईं कीमतें
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कच्चे तेल की कीमतें काफी ऊपर बनी हुई हैं। इसके बावजूद, कंपनियों ने खुदरा कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की है, जिससे देश के आम लोगों को बड़ी राहत मिली है। घरेलू एलपीजी सिलेंडर के अलावा, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी कोई बदलाव नहीं हुआ है। पेट्रोल और डीजल जिस भाव पर बिक रहा था, इस महीने भी उसी भाव पर बिकता रहेगा। बताते चलें कि ऑयल मार्केटिंग कंपनियां हर महीने की 1 तारीख से एलपीजी सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की नई कीमतें जारी करती है। इसमें जरूरत के हिसाब से बढ़ोतरी या कटौती की जाती है।
ये भी पढ़ें
रेलवे की बड़ी तैयारी, रोजाना होगी 500 किलो LPG और 2500 लीटर डीजल की बचत; जानें क्या है प्लानिंग






































