18 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

रश्मिका मंदाना इन दिनों विजय देवरकोंडा के साथ शादी की खबरों को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं। लेकिन इस वक्त उनके एक बयान ने कंट्रोवर्सी खड़ी कर दी है। रश्मिका के पीरियड्स को लेकर दिए गए बयान से सोशल मीडिया पर विवाद शुरू हो गया है।
दरअसल, हाल ही में एक्ट्रेस एक्टर जगपति बाबू के टॉक शो में नजर आईं। एक्टर ने शो में रश्मिका से पूछा कि क्या उन्हें लगता है कि मर्दों को पीरियड्स का एक्सपीरियंस होना चाहिए? इस सवाल के जवाब में रश्मिका हां बोलती हैं। एक्ट्रेस ने कहा- ‘हां…मैं चाहती हूं कि उन्हें कम से कम एक बार पीरियड्स आएं, ताकि उन्हें दर्द और ट्रॉमा का पता चल सके।
हार्मोनल असंतुलन के कारण हम ऐसा इमोशन महसूस करते हैं, जिन्हें हम समझ नहीं पाते हैं। और आप पुरुषों पर ये दबाव नहीं दिखा सकते क्योंकि, आप कितना भी समझाएं वो फीलिंग को नहीं समझते हैं। इसलिए, अगर पुरुषों को सिर्फ एक बार पीरियड्स आते हैं तो उन्हें समझने दें कि पीरियड्स का दर्द कैसा होता है।’

रश्मिका ने अपना अनुभव शेयर करते हुए बताया- ‘मुझे पीरियड्स में इतना भयानक दर्द होता है कि मैं इसकी वजह से एक बार बेहोश भी हो चुकी हूं। मैंने कई टेस्ट कराए हैं और डॉक्टरों से कंसल्ट किया है, लेकिन कोई नहीं जानता कि ऐसा क्यों होता है। हर महीने, मुझे हैरानी होती है। भगवान, आप मुझे इतना टॉर्चर क्यों दे रहे हैं?
मुझे लगता है कि कोई भी इसे तभी समझ सकता है जब वह इसका अनुभव करेगा। इसलिए मुझे लगता है कि पुरुषों को कम से कम एक बार पीरियड्स होने चाहिए।’
रश्मिका का ये बयान सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स दो हिस्सों में बंट गए है। कोई रश्मिका के बयान को समर्थन करते हुए कह रहा है कि वो लोगों को जागरूक कर रही हैं। वहीं दूसरा हिस्सा उनकी टिप्पणी को गैर जरूरी बता रहा है।
हालांकि, विवाद होने के बाद रश्मिका ने सोशल मीडिया पर सफाई देते हुए लिखा- ‘इसी वजह से मुझे शो या इंटरव्यू में जाने से डर लगता है। मैंने जो कहा था, उसका मतलब कुछ और निकाला जा रहा है। लोग सिर्फ एक लाइन पकड़ लेते हैं और पूरी बात को अनदेखा कर देते हैं।’

रश्मिका की हालिया रिलीज फिल्म द गर्लफ्रेंड में उनकी एक्टिंग की सराहना की जा रही है।
बता दें कि हाल ही में रश्मिका और विजय देवरकोंडा की सगाई की खबरें आई थी लेकिन दोनों ने इन खबरों पर कोई रिएक्शन नहीं दिया था। खबरों की माने तो दोनों अगले साल फरवरी में उदयपुर में शादी कर सकते हैं। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।







































