फिनटेक कंपनी रेजरपे को 5000-6000 करोड़ रुपये के प्रस्तावित आईपीओ के लिए बाजार नियामक सेबी से मंजूरी मिल गई है। मामले से परिचित सूत्रों ने बुधवार को ये जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि कंपनी पब्लिक इश्यू के जरिए करीब 5 अरब डॉलर की वैल्यूएशन हासिल करने का लक्ष्य रख रही है। रेजरपे ने भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) के पास इस साल जून में कॉन्फिडेंशियल तरीके से आईपीओ के ड्राफ्ट पेपर्स जमा कराए थे।
क्या होती है कॉन्फिडेंशियल फाइलिंग
कॉन्फिडेंशियल फाइलिंग, कंपनियों को ये सुविधा देती है कि वे सेबी (SEBI) के पास समीक्षा के लिए अपने ड्राफ्ट ऑफर डॉक्यूमेंट जमा कर सकें, बिना इसके कि उन्हें अपनी संवेदनशील व्यावसायिक जानकारी तुरंत सार्वजनिक करनी पड़े। हर्षिल माथुर और शशांक कुमार ने साल 2014 में रेजरपे की स्थापना की थी।
2020 में यूनिकॉर्न बन गई थी कंपनी
रेजरपे इंटीग्रेटेड प्लेटफॉर्म के जरिए व्यापारी एक ही प्लेटफॉर्म के जरिए कलेक्शन, पेआउट, पेरोल और कैश फ्लो को मैनेज कर सकते हैं, साथ ही पूंजी तक पहुंच भी प्राप्त कर सकते हैं। रेजरपे को 2020 में ‘यूनिकॉर्न’ का दर्जा मिला था। ‘यूनिकॉर्न’ एक ऐसी निजी स्वामित्व वाली स्टार्टअप कंपनी को कहा जाता है जिसकी कुल वैल्यूएशन 1 अरब अमेरिकी डॉलर (लगभग 8000 करोड़ रुपये या उससे अधिक) हो जाती है और उसके शेयर सार्वजनिक रूप से शेयर बाजार में लिस्ट नहीं होते हैं।
कई बड़े निवेशकों ने कंपनी में लगा रखा है पैसा
2020 में यूनिकॉर्न का दर्जा हासिल करने के बाद से रेजरपे पेमेंट के दायरे से आगे बढ़कर व्यवसायों के लिए एक व्यापक वित्तीय सेवा इकोसिस्टम बन गया है। इसकी सर्विस की मदद से व्यापारी एक ही प्लेटफॉर्म के जरिए कलेक्शन, पेआउट, पेरोल और कैश फ्लो को मैनेज कर सकते हैं, साथ ही पूंजी तक पहुंच भी प्राप्त कर सकते हैं। इस कंपनी को पीक XV पार्टनर्स, GIC, टाइगर ग्लोबल, रिबिट कैपिटल, लोन पाइन कैपिटल, एल्केऑन कैपिटल और TCV जैसे निवेशकों का समर्थन प्राप्त है।
अटका हुआ है राइवल फिनटेक कंपनी PhonePe का IPO
रेजरपे की राइवल फिनटेक कंपनी PhonePe का IPO फिलहाल अटका हुआ है। कंपनी ने पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव और बाजार की अस्थिरता के कारण मार्च 2026 में इस प्रक्रिया को आधिकारिक तौर पर रोक दिया था। कंपनी की योजना 9 से 10.5 अरब अमेरिकी डॉलर के वैल्यूएशन पर 1 अरब अमेरिकी डॉलर से ज्यादा की पूंजी जुटाने की थी।
PTI Inputs
ये भी पढ़ें






































