SBI Home Loan: भारतीय रिजर्व बैंक ने अप्रैल में हुई चालू वित्त वर्ष की पहली एमपीसी बैठक में रेपो रेट को 5.25 प्रतिशत पर स्थिर रखने का फैसला किया था। रिजर्व बैंक के इस फैसले से होम लोन, कार लोन समेत बाकी सभी तरह के लोन की ब्याज दरों में कोई राहत नहीं मिली। हालांकि, इस फैसले से ग्राहकों को निराशा भी नहीं मिली। बताते चलें कि भारतीय रिजर्व बैंक ने पिछले साल रेपो रेट में कुल 1.25 प्रतिशत की कटौती की थी, जिससे सभी तरह की लोन की ब्याज दरें भी कम हो गई थीं। भारतीय स्टेट बैंक अभी 7.25 प्रतिशत की शुरुआती दरों पर होम लोन दे रहा है। आइए जानते हैं कि एसबीआई से 50 लाख रुपये का होम लोने लेने के लिए आपकी मंथली सैलरी कितनी होनी चाहिए?
25 साल के लिए 50 लाख रुपये का होम लोन लेने के लिए कितनी होनी चाहिए सैलरी
भारतीय स्टेट बैंक 7.25 प्रतिशत की शुरुआती ब्याज दरों से होम लोन मुहैया करा रहा है। एसबीआई से 7.25 प्रतिशत की ब्याज दर से 25 साल के लिए 50 लाख रुपये का होम लोन लेने के लिए आपकी मंथली सैलरी कम से कम 73,000 रुपये होनी चाहिए। इस कैलकुलेशन के मुताबिक, आपके नाम पर कोई भी दूसरा लोन एक्टिव नहीं होना चाहिए। एसबीआई से 7.25 प्रतिशत की ब्याज दर पर 25 साल के लिए 50 लाख रुपये का होम लोन लेने पर आपको हर महीने करीब 36,500 रुपये की ईएमआई चुकानी होगी। बताते चलें कि होम लोन के मामले में आपकी सैलरी का लगभग आधा हिस्सा लोन की ईएमआई में जाता है।
हर दो महीने में होती है आरबीआई एमपीसी की मीटिंग
भारतीय रिजर्व बैंक की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी की मीटिंग हर दो महीनों में होती है। आरबीआई की इस बैठक में गवर्नर समेत तमाम बड़े अधिकारी शामिल होते हैं और देश की मौजूदा आर्थिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए रेपो रेट पर फैसला लेते हैं। आरबीआई ने अप्रैल में रेपो रेट को 5.25 प्रतिशत पर स्थिर रखने की घोषणा की थी। आरबीआई के इस फैसले से ग्राहकों को जिस रेट पर पहले लोन मिल रहा था, अभी भी उसी रेट पर लोन मिल रहा है। इसके साथ ही, लोन के लिए ईएमआई में भी कोई बदलाव नहीं होगा। भारतीय रिजर्व बैंक की अगली मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी की मीटिंग जून में होनी है।





































