
आज के समय में करोड़पति बनना सिर्फ बड़े बिजनेस या विरासत की बात नहीं रह गई है। अगर सही समय पर सही रणनीति अपनाई जाए तो मामूली मासिक निवेश भी लंबी अवधि में बड़ा फंड तैयार कर सकता है। यही वजह है कि सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) अब लाखों भारतीयों के लिए वेल्थ क्रिएशन का सबसे भरोसेमंद तरीका बन चुका है। हाल के आंकड़े बताते हैं कि निवेशक बाजार की उतार-चढ़ाव के बावजूद SIP में लगातार पैसा लगा रहे हैं। सवाल यह है कि अगर आपका लक्ष्य 60 साल की उम्र तक ₹1 करोड़ का रिटायरमेंट फंड बनाना है, तो अलग-अलग उम्र में शुरुआत करने पर हर महीने कितना निवेश करना होगा?
15% रिटर्न का अनुमान
यहां गणना 15% सालाना औसत रिटर्न के आधार पर की गई है। लंबी अवधि में कई इक्विटी म्यूचुअल फंड कैटेगरी ने इस स्तर के रिटर्न दिए हैं। हालांकि यह सिर्फ अनुमान है, वास्तविक रिटर्न बाजार पर निर्भर करेगा।
अगर 25 साल की उम्र में शुरुआत करें
- निवेश अवधि: 35 साल
- मासिक SIP: करीब ₹1,000
अगर 25 साल का निवेशक हर महीने सिर्फ ₹1000 निवेश करे और 35 साल तक जारी रखे, तो 60 की उम्र तक लगभग ₹1.14 करोड़ का फंड बन सकता है। यहां समय सबसे बड़ा हथियार है। कंपाउंडिंग का जादू लंबी अवधि में चमत्कार कर देता है।
30 साल में शुरुआत करने पर
- निवेश अवधि: 30 साल
- मासिक SIP: करीब ₹2000
सिर्फ 5 साल की देरी आपको दोगुना निवेश करने पर मजबूर कर देती है। 30 साल की उम्र में ₹2,000 मासिक निवेश से करीब ₹1.12 करोड़ का फंड तैयार हो सकता है। यानी निवेश टालना महंगा पड़ सकता है।
40 साल की उम्र में शुरुआत
- निवेश अवधि: 20 साल
- मासिक SIP: करीब ₹7500
अब फर्क साफ दिखता है। समय कम होने से मासिक निवेश तेजी से बढ़ जाता है। 40 साल की उम्र में ₹1 करोड़ का लक्ष्य पाने के लिए लगभग ₹7,500 हर महीने निवेश करना होगा।
देर से शुरुआत?
अगर कोई 45 साल की उम्र में शुरुआत करता है और ₹10,000 मासिक SIP को हर साल 10% बढ़ाता है, तो 15 साल में भी लगभग ₹1 करोड़ का फंड तैयार किया जा सकता है। यानी अनुशासन और नियमित बढ़ोतरी देर से शुरुआत की कमी को काफी हद तक पूरा कर सकती है।
मार्केट नहीं, समय है असली ताकत
₹1 करोड़ का फंड बनाना बाजार को टाइम करने से नहीं, बल्कि लंबे समय तक बाजार में टिके रहने से संभव है। 25 की उम्र में ₹1000 काफी है, लेकिन 40 में वही लक्ष्य पाने के लिए ₹7,500 की जरूरत पड़ती है।







































