हिमाचल प्रदेश के मनाली में ऊंचे इलाकों और लाहौल एवं स्पीति जिले में लगातार हिमपात हो रहा है। शुक्रवार को भी रुक-रुक कर हो रहे हिमपात में कमी के कोई संकेत नहीं दिखे। अटल सुरंग, सोलांग और रोहतांग दर्रा 90 से 120 सेंटीमीटर मोटी बर्फ की चादर से ढक गए, जबकि भुंतर-मणिकरण सड़क भारी भूस्खलन के कारण बंद हो गई। कुल्लू जिला प्रशासन ने मनाली-रोहतांग सड़क पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित कर दिया है और केवल नेहरू कुंड तक ही वाहनों को जाने की अनुमति दी गई है।
पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश का असर मैदानी इलाकों में भी हो रहा है। चंडीगढ़ में लगातार दूसरे दिन बारिश होने के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, यहां अधिकतम तापमान गिरकर 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दस डिग्री कम है। हरियाणा के अंबाला और पंचकूला तथा पंजाब के मोहाली, पटियाला और रूपनगर सहित दोनों राज्यों के अन्य कई हिस्सों में भी बारिश हुई। गुरुवार को भी पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में बारिश हुई थी। पंजाब के अमृतसर में अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री कम है।
मंडी में भूस्खलन का वीडियो
हिमाचल प्रदेश के मंडी से भूस्खलन का वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि बड़े-बड़े पत्थर रेतीली मिट्टी के साथ सड़क पर गिर रहे हैं। इसके साथ ही हल्की बारिश भी हो रही है। वीडियो के अंत में सड़क पर भारी मात्रा में मलबा नजर आ रहा है। वहीं, मलबे के दोनों तरफ वाहन खड़े दिखाई दे रहे हैं।
मनाली के पास नेशनल हाईवे को नुकसान
लाहौल घाटी में रुक-रुक कर बर्फबारी हो रही है। यह अन्य शहरों से कट गई है और भुंतर-मणिकरण रोड को साफ करने की कोशिशें चल रही हैं। यहां जछनी में मलबे के बड़े ढेर के कारण कई गाड़ियां फंसी हुई हैं। मनाली के पास नेशनल हाईवे के एक हिस्से को नुकसान होने और कुल्लू जिले में भूतनाथ ब्रिज के पास एक पेट्रोल पंप के पास चट्टान गिरने की भी खबरें आई हैं। बीच और ऊंचे पहाड़ों पर रहने वाले लोगों को इस बसंत में सर्दियों जैसे हालात का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि बारिश और बर्फबारी की वजह से टेम्परेचर काफी गिर गया है।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
शिमला मौसम विभाग ने सोमवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी के चार जिलों के अलग-अलग इलाकों में गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं के लिए येलो वॉर्निंग जारी की है, और 25 मार्च तक राज्य में बारिश का अनुमान लगाया है। मौसम विभाग के मुताबिक, 22 मार्च से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, और 26 मार्च से एक और एक्टिव डिस्टर्बेंस की उम्मीद है।
(कुल्लू से जितेन की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
असम विधानसभा चुनाव 2026: कांग्रेस उम्मीदवारों की चौथी लिस्ट जारी, 7 उम्मीदवारों का ऐलान
Video: सरकारी बस ने दो वाहनों को रौंदा, 8 की मौके पर मौत, CCTV में कैद हुई दर्दनाक घटना







































