अमेरिका के कड़े व्यापारिक फैसलों का सीधा असर शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार पर देखने को मिला। घरेलू शेयर बाजार खुलते ही दलाल स्ट्रीट में हाहाकार मच गया। बीएसई का प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 700 अंक की भारी गिरावट के साथ 75,691.32 के लेवल पर खुला। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 भी 169.15 अंक टूटकर 23,700.45 के स्तर पर आ गया। बाजार में चौतरफा बिकवाली के माहौल के बीच 1,376 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई, जबकि केवल 559 शेयर ही बढ़त बनाने में सफल रहे।
भारतीय बाजारों में आई इस अचानक बिकवाली का सबसे बड़ा कारण अमेरिका का सख्त रुख है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) जेमिसन ग्रीर ने शुक्रवार को ट्रेड एक्ट के सेक्शन 301 के तहत भारत और 16 अन्य देशों पर 10 फीसदी का नया टैरिफ लगाने की घोषणा कर दी। अमेरिका का तर्क है कि यह कदम उत्पादन में जबरन मजदूरी के इस्तेमाल के मुद्दे पर उठाया गया है। यह घोषणा पुराने 10 प्रतिशत एक्स्ट्रा टैरिफ के एक्सपायर होने के ठीक एक दिन पहले की गई है, जिससे ग्लोबल ट्रेड वॉर की आशंकाएं बढ़ गई हैं और विदेशी निवेशकों का भरोसा डगमगा गया है।
Infosys और IndiGo समेत ये दिग्गज शेयर हुए धड़ाम
अमेरिकी ट्रेड टेंशन के बीच आईटी, ऑटो, एविएशन और बैंकिंग सेक्टर में भारी बिकवाली देखने को मिली। शेयर बाजार खुलने पर इंडिगो का शेयर 1.93% की सबसे बड़ी गिरावट के साथ ₹4,927.15 पर आ गया। वहीं, एटरनल (जौमाटो की पैरेंट कंपनी) कंपनी के शेयरों में 1.81% की बिकवाली दर्ज की गई और यह ₹281.50 पर आ गया। दिग्गज टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल शेयर में 1.55% की गिरावट देखी गई। जबकि, हाल ही में नए सीईओ-डेजिग्नेट के ऐलान के बावजूद इन्फोसिस का शेयर 1.17% टूटकर ₹1,039.45 पर पहुंच गया। इसके अलावा अल्ट्राटेक सीमेंट (-1.17%), बजाज फाइनेंस (-1.09%), टाटा स्टील (-0.84%) और महिंद्रा एंड महिंद्रा (-0.81%) के शेयरों में भी तगड़ी गिरावट रही।
सिप्ला और टेक महिंद्रा ने बिकवाली के बीच दिखाई मजबूती
बाजार में मचे इस गदर के बीच चुनिंदा शेयरों ने हरे निशान में कारोबार कर राहत दी। एचसीएल टेक 1.69% की तेजी के साथ ₹1,265.90 पर कारोबार करता दिखा। वहीं, टेक महिंद्रा और टीसीएस के शेयर क्रमश: 1.39% और 0.78% उछले। इनके अलावा सिप्ला, ओएनजीसी, अडानी एंटरप्राइजेज और कोल इंडिया भी निफ्टी के प्रमुख गेनर्स में शामिल रहे।
यह भी पढ़ें- Elon Musk को एक ही दिन में लगी $44000000000 की चपत! धड़ाम हुए Tesla और SpaceX के शेयर






































