
प्रियंका गांधी
नई दिल्ली: कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने अपने एक्स हैंडल पर एक मजेदार किस्सा शेयर किया है और बताया है कि उन्होंने आलिया भट्ट नाम की एक गाय से मुलाकात की। दरअसल प्रियंका की मुलाकात डेयरी किसानों के एक समूह से हुई। यहां उन्हें एक गाय मिली, जिसका नाम आलिया भट्ट था। इसके बाद प्रियंका ने ये वाकया अपने एक्स हैंडल पर शेयर किया और उसमें बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट को टैग भी किया।
क्या है पूरा मामला?
प्रियंका ने एक्स पर पोस्ट कर बताया, “एक प्यारे से परिवार द्वारा संचालित डेयरी फार्म में डेयरी किसानों के एक समूह से मुलाकात हुई (और आलिया भट्ट नाम की एक गाय भी मिली! आलिया भट्ट से क्षमा चाहती हूं, लेकिन वह वाकई बहुत प्यारी थीं!)”
प्रियंका ने कहा, “दुर्भाग्य से डेयरी किसान कई मुश्किलों से जूझ रहे हैं और कई तो अपना गुज़ारा भी नहीं कर पा रहे हैं। मैं संबंधित मंत्रालय को पत्र लिखकर उन्हें पशु चिकित्सा दवाओं की बढ़ती कीमतों, पर्याप्त बीमा कवरेज की कमी और अच्छी गुणवत्ता वाले पशु आहार तक पहुंचने में आने वाली कठिनाइयों सहित उनके सामने आने वाली कई समस्याओं से अवगत कराना चाहती हूं।”
प्रियंका ने कहा, “मैं उन सभी किसानों का आभार व्यक्त करती हूं जिन्होंने मुझे इन मुद्दों को समझाने में अपना समय दिया। मैं उनकी हर संभव मदद करूंगी।”






































