हैदराबाद: तेलंगाना की सैफाबाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई और एक ईमानदार ऑटो चालक की सजगता से एक महिला का खोया हुआ सोना और कैश महज एक घंटे के भीतर बरामद कर उसे वापस सौंप दिया गया। 23 अप्रैल को कर्नाटक के गुलबर्गा की रहने वाली 43 वर्षीय सुजाता आर. हीरेमठ सैफाबाद पुलिस स्टेशन पहुंचीं। उन्होंने बताया कि वह नरसिंगी से बिड़ला मंदिर तक उबर ऑटो से यात्रा कर रही थीं, तभी उनका बैग गलती से ऑटो में ही छूट गया। उस बैग में करीब 6.5 तोला सोने के आभूषण और 3,500 रुपये नकद थे।
CCTV से एक घंटे में मिला सुराग
शिकायत मिलते ही सैफाबाद थाने के SHO के नेतृत्व में के. विनय कुमार और मदन मोहन की टीम तुरंत सक्रिय हो गई। पुलिस ने CCTV फुटेज की जांच कर ऑटो की पहचान की और महज एक घंटे के भीतर ड्राइवर तक पहुंच गई। खैरताबाद के चिंतल बस्ती के निवासी ऑटो ड्राइवर के. नागेश ने बताया कि बैग सुरक्षित रूप से ऑटो की पिछली सीट पर रखा है। वह खुद पुलिस स्टेशन पहुंचे और सोना व कैश सही-सलामत लौटा दिया। पुलिस ने बाद में पूरा सामान महिला को सौंप दिया। सैफाबाद थाना प्रभारी ने ऑटो ड्राइवर की ईमानदारी की सराहना करते हुए उन्हें कैश इनाम देकर सम्मानित किया।
पुलिस ने पकड़ा मोबाइल स्नैचिंग गैंग
बता दें कि इससे पहले तेलंगाना पुलिस ने हैदराबाद और आसपास के इलाकों में मोबाइल छीनने वाली एक गैंग का भंडाफोड़ किया था। पुलिस ने तीन आदतन अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 10 मोबाइल फोन और अपराध में इस्तेमाल की गई एक दोपहिया वाहन बरामद किया। यह जांच 59 वर्षीय सैयद नजीर अहमद की शिकायत के बाद शुरू हुई थी। उन्होंने बताया था कि 15 अप्रैल को डीएमआरएल एक्स रोड के पास दो अज्ञात लोगों ने मोटरसाइकिल पर आकर उनकी शर्ट की जेब से सैमसंग गैलेक्सी Z फोल्ड 5 फोन छीन लिया था। इस मामले में कंचनबाग पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई थी।







































