कांग्रेस ने आगामी चुनाव की रणनीति के मद्देनजर अपने संगठन में बड़े बदलाव किए हैं। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मंजूरी के बाद यूपी, हरियाणा और ओडिशा के लिए नए एआईसीसी प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। इस परिवर्तन के तहत राजेंद्र पाल गौतम को उत्तर प्रदेश, लालजी देसाई को ओडिशा और संजय दत्त को हरियाणा का प्रभारी बनाया गया है। तत्काल प्रभाव से यह नियुक्तियां लागू हो गई हैं।
कांग्रेस ने की पुराने प्रभारियों के काम की तारीफ
कांग्रेस की तरफ से जारी आधिकारिक लेटर में उत्तर प्रदेश के प्रभारी रहे अविनाश पांडे के योगदान की पार्टी ने तारीफ की है। साथ ही, बी. के. हरिप्रसाद और अजय कुमार लल्लू के काम की भी सराहना की। इस बदलाव के साथ कांग्रेस ने नए प्रभारियों को यूपी, ओडिशा और हरियाणा में संगठन को मजबूत बनाने और चुनावी तैयारियों को रफ्तार देने की जिम्मेदारी सौंपी है।
2027 के चुनाव के मद्देनजर राजेंद्र पाल गौतम की नियुक्ति
गौरतलब है कि यूपी में राजेंद्र पाल गौतम की नियुक्ति को सियासी तौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दिल्ली सरकार में राजेंद्र पाल गौतम मंत्री रह चुके हैं और अभी वह अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी यानी AICC के अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष भी हैं। अनुसूचित समाज में राजेंद्र पाल गौतम की पहचान को देखते हुए माना जा रहा है कि कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को देखते हुए यह निर्णय लिया है। कांग्रेस, यूपी में अपने जनाधार को और मजबूत करने और खासतौर से दलित वोटर्स के बीच पकड़ बनाने की स्ट्रैटेजी पर काम कर रही है।
कांग्रेस की सोशल इंजीनियरिंग को मिल सकती है मजबूती
माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस लंबे वक्त से संगठनात्मक मजबूती को लेकर चुनौती का सामना कर रही है। कांग्रेस ने राजेंद्र पाल गौतम को प्रभारी बनाकर सोशल इंजीनियरिंग के साथ-साथ पार्टी के संगठन को नई दिशा देने का मैसेज देने का प्रयास भी किया है। वहीं, ओडिशा और हरियाणा में भी नए प्रभारियों की नियुक्ति को संगठन विस्तार की स्ट्रैटेजी का हिस्सा बताया जा रहा है। अब निगाहें इस बात पर रहेगी कि नए प्रभारी उत्तर प्रदेश, हरियाणा और ओडिशा में संगठन को कितना एक्टिव बना पाते हैं और आने वाले चुनावों से पहले कांग्रेस को सियासी रूप से कितना लाभ दिला पाते हैं।
ये भी पढ़ें- राहुल गांधी ने की कांग्रेस पार्टी के 9 राज्यों के अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्षों से मुलाकात, जानें क्या हुई बात





































